भारत-पाक बॉर्डर पर वीआईपी मूवमेंट, बीकानेर में अमित शाह की हाईलेवल बैठक आज,सीएम भजनलाल भी रहेंगे मौजुद

बीकानेर

दैनिक खबरां।भारत-पाक अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा सीमा पर तैनात जवानों का मनोबल बढ़ाने के उद्देश्य से केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह दो दिवसीय बीकानेर दौरे पर रहेंगे। उनके स्वागत और कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा सोमवार से ही बीकानेर पहुंच जाएंगे। इस दौरान भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ भी संगठन पदाधिकारियों के साथ मौजूद रहेंगे।

दौरे के दौरान गृहमंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा भारत-पाक सीमा पर स्थित सांचू बॉर्डर पोस्ट पहुंचकर सीमा पर तैनात बीएसएफ जवानों से सीधा संवाद करेंगे। दोनों नेता जवानों का उत्साहवर्धन करने के साथ ही सीमा सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा भी लेंगे। कार्यक्रम के तहत सांचू पोस्ट पर वृक्षारोपण भी किया जाएगा।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा सोमवार रात करीब 8:30 बजे बीकानेर पहुंचेंगे और कृषि विश्वविद्यालय गेस्ट हाउस में रात्रि विश्राम करेंगे। वहीं केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह रात 10:20 बजे विशेष विमान से नाल एयरपोर्ट पहुंचेंगे। एयरपोर्ट से वे सीधे बीएसएफ सेक्टर मुख्यालय जाएंगे, जहां उनके ठहरने की व्यवस्था की गई है। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ भी सोमवार दोपहर रेल मार्ग से बीकानेर पहुंचेंगे।

मंगलवार सुबह 11:10 बजे से 11:40 बजे के बीच मुख्यमंत्री और गृहमंत्री अलग-अलग हेलीकॉप्टर से सांचू सीमा चौकी पहुंचेंगे। यहां सैनिक सम्मेलन आयोजित होगा, जिसमें दोनों नेता सीमा पर तैनात जवानों से मुलाकात कर उनका हौसला बढ़ाएंगे।

इसके बाद दोपहर 12:40 बजे दोनों नेता वापस बीकानेर स्थित बीएसएफ सेक्टर मुख्यालय पहुंचेंगे। यहां गृहमंत्री अमित शाह महिला बैरकों का ई-उद्घाटन करेंगे। वहीं दोपहर 2 बजे से 4 बजे तक बीएसएफ मुख्यालय में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित होगी। बैठक में भारत-पाक सीमा से जुड़े संवेदनशील मुद्दों, घुसपैठ रोकने, तस्करी पर नियंत्रण और बॉर्डर इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने जैसे विषयों पर विस्तृत चर्चा की जाएगी।