नाल थाना पुलिस की सख्त कार्रवाई: एमडी व डोडा पोस्त सहित आरोपी गिरफ्तार
दैनिक खबरां,बीकानेर। जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नाल थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को एमडी और डोडा पोस्त के साथ गिरफ्तार किया है। नाल थानाधिकारी विकास बिश्नोई के नेतृत्व में पुलिस टीम ने एरिया डोमिनेशन के दौरान कार्रवाई करते हुए आरोपी के कब्जे से 5.29 ग्राम एमडी और 3.660 किलोग्राम डोडा पोस्त बरामद किया।
जानकारी के अनुसार बीकानेर रेंज के महानिरीक्षक ओमप्रकाश और पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर के निर्देश पर जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) चक्रवर्ती सिंह राठौड़ और वृताधिकारी गंगाशहर हिमांशु शर्मा के सुपरविजन में नाल थानाधिकारी विकास बिश्नोई के नेतृत्व में पुलिस टीम एरिया डोमिनेशन के तहत गश्त कर रही थी।
गश्त के दौरान मिली पुख्ता सूचना पर थानाधिकारी विकास बिश्नोई ने तुरंत टीम के साथ दबिश देकर सुनिल गाट पुत्र राजूराम निवासी भैरूजी मंदिर के पास, वार्ड संख्या 23 करमीसर, थाना नाल को पकड़ा। तलाशी लेने पर आरोपी के कब्जे से 5.29 ग्राम एमडी और 3.660 किलोग्राम डोडा पोस्त बरामद हुआ।
पुलिस ने आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। मामले में आगे की जांच जारी है। इस कार्रवाई में थानाधिकारी विकास बिश्नोई के साथ सुभाषचंद, हैड कांस्टेबल इंदुबाला, कांस्टेबल पवन कुमार और कांस्टेबल दिनेश की टीम शामिल रही।

