छत्तरगढ़ जमीन घोटाला: 6 हजार बीघा फर्जी आवंटन मामले में पटवारी समेत 7 लोग डिटेन

पुलिस कार्रवाई बीकानेर बीकानेर पुलिस राजस्थान राज्य

छत्तरगढ़ जमीन घोटाला: 6 हजार बीघा फर्जी आवंटन मामले में पटवारी समेत 7 लोग डिटेन

Bikaner News दैनिक खबरां,बीकानेर। छत्तरगढ़ क्षेत्र में सामने आए बड़े भूमि घोटाले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार पटवारी सहित कुल सात आरोपियों को डिटेन किया है। सभी से गहन पूछताछ की जा रही है। मामला सरकारी जमीन के कथित फर्जी आवंटन से जुड़ा हुआ है, जिसमें हजारों बीघा भूमि गलत तरीके से लोगों के नाम दर्ज की गई थी। जानकारी के अनुसार छत्तरगढ़ में करीब 6 हजार बीघा से अधिक सरकारी जमीन के फर्जी आवंटन का प्रकरण पिछले वर्ष दर्ज किया गया था। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस मुख्यालय ने जांच की जिम्मेदारी श्रीगंगानगर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रघुवर प्रसाद शर्मा को सौंपी थी। जांच के क्रम में गुरुवार को बीकानेर से सात संदिग्धों को डिटेन किया गया, जिनमें चार पटवारी शामिल बताए जा रहे हैं।


इस कार्रवाई के बाद राजस्व विभाग में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है। जांच में सामने आया है कि सोलर कंपनियों से मोटा लाभ कमाने के उद्देश्य से छत्तरगढ़ क्षेत्र में करीब 6112 बीघा सरकारी जमीन का अवैध रूप से लगभग 100 लोगों के नाम आवंटन किया गया। इससे सरकार को करीब 25 करोड़ रुपये के राजस्व नुकसान का अनुमान है।
गौरतलब है कि इस प्रकरण में पहले ही तहसीलदार, पटवारी, भू-अभिलेख निरीक्षक सहित 17 से अधिक अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ मामला दर्ज किया जा चुका है। जांच एजेंसियां पूरे नेटवर्क की परत-दर-परत जांच में जुटी हुई हैं।