पाकिस्तान से मंगाया नशे का जहर, बीकानेर के दो युवक 1 किलो हेरोइन के साथ दबोचे गए
Bikaner News दैनिक खबरां। बीकानेर के दो युवकों द्वारा पाकिस्तान के तस्कर से मंगवाई गई एक किलो हेरोइन को श्रीगंगानगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बरामद किया है। आरोपी यह नशा पंजाब के अमृतसर से बीकानेर के भुट्टों का बास क्षेत्र में बेचने के लिए ला रहे थे। नेशनल हाईवे-62 पर नाकाबंदी के दौरान राजियासर थाना पुलिस ने स्कॉर्पियो गाड़ी को रोककर तलाशी ली, जिसमें हेरोइन छिपाकर रखी गई थी।
पुलिस के अनुसार, बीकानेर के भुट्टों का बास निवासी शबीर अली और छत्तरगढ़ थाना क्षेत्र के गोरीसर निवासी आलम खां ने पाकिस्तान के तस्कर इमरान से व्हाट्सएप के माध्यम से संपर्क किया था। दोनों ने उससे एक किलो हेरोइन की डील तय की। यह हेरोइन पहले अमृतसर पहुंचाई गई, जहां एक व्यक्ति के माध्यम से डिलीवरी दी गई।
जानकारी के अनुसार, दोनों आरोपी अमृतसर पहुंचे और वहां 7 लाख 40 हजार रुपये नकद देकर हेरोइन प्राप्त की। इसके बाद स्कॉर्पियो वाहन में सवार होकर बीकानेर के लिए रवाना हो गए। 26 जनवरी को जब वे नेशनल हाईवे-62 से गुजरते हुए श्रीगंगानगर के राजियासर इलाके में पहुंचे, तब नाकाबंदी कर रही पुलिस ने उन्हें रोक लिया।
वाहन की गहन तलाशी के दौरान शुरुआत में कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला, लेकिन स्कॉर्पियो की पिछली विंडो के पास लगे स्पीकर को खोलने पर अंदर छिपाए गए दो प्लास्टिक पैकेट बरामद हुए। पैकेट खोलने पर कपड़े की थैलियों में भरी एक किलो हेरोइन मिली। पुलिस ने दोनों आरोपियों को एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि हेरोइन को बीकानेर के भुट्टों का बास क्षेत्र में छोटी-छोटी पुड़ियों में बेचने की योजना थी।
राजियासर थाना प्रभारी कलावती ने बताया कि आरोपियों के मोबाइल फोन और स्कॉर्पियो वाहन को जब्त कर लिया गया है। मामले की आगे की जांच सूरतगढ़ सदर थाना प्रभारी दिनेश कुमार सहारण को सौंपी गई है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि पाकिस्तानी तस्कर इमरान ने अमृतसर में हेरोइन सौंपने वाले व्यक्ति की फोटो और लोकेशन व्हाट्सएप के जरिए आरोपियों को भेजी थी, जिसके आधार पर डिलीवरी ली गई। दोनों आरोपी लंबे समय से पाकिस्तानी तस्कर के संपर्क में थे।

