छात्रा से दुष्कर्म व मौत मामले में पुलिस का एक्शन, एक आरोपी धरा गया, दूसरे की तलाश जारी
Bikaner News दैनिक खबरां। जिले की खाजूवाला पुलिस नें 9वीं की छात्रा से दुष्कर्म व मौत के मामले में तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया है। अब उसे कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा। मामले की जांच कर रहे सीओ खाजूवाला अमरजीत चावला ने बताया कि गांव के रहने वाले आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। वारदात के दौरान काम में ली गई कार भी जब्त कर ली गई है। अभियुक्त को शुक्रवार को पॉक्सो कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा वंही दूसरे आरोपी के बारे में सख्ती से पूछताछ की जाएगी।
यह है पूरी वारदात
पीड़िता के भाई की ओर से पुलिस को दी गई रिपोर्ट में बताया गया है कि उसकी 16 साल की बहन 9वीं कक्षा में पढ़ती थी। 22 जनवरी को वह स्कूल गई थी। इस दौरान कार में सवार दो युवक उसे जबरन ले गए और सुनसान जगह पर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। बाद में उसे वन विभाग की भूमि पर छोड़कर फरार हो गए। अगले दिन पीड़िता ने आहत होकर अपने घर में जहरीला स्प्रे पी लिया। उसे पीबीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां इलाज के दौरान 27 जनवरी की शाम को उसने दम तोड़ दिया।

