बीकानेर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: CEIR पोर्टल से ट्रेस कर 170 गुम मोबाइल बरामद, कीमत करीब 40 लाख

पुलिस कार्रवाई बीकानेर बीकानेर पुलिस

बीकानेर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: CEIR पोर्टल से ट्रेस कर 170 गुम मोबाइल बरामद, कीमत करीब 40 लाख


बीकानेर,दैनिक खबरां। पुलिस मुख्यालय राजस्थान, जयपुर के निर्देशों पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बीकानेर पुलिस ने CEIR पोर्टल पर दर्ज गुमशुदा मोबाइलों को ट्रेस करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। साइबर सेल और जिले के विभिन्न थानों की संयुक्त कार्रवाई में अब तक कुल 170 गुम मोबाइल बरामद किए गए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 40 लाख रुपये आंकी गई है।
इन मोबाइलों में बड़ी संख्या बुजुर्गों, महिलाओं, विद्यार्थियों और मजदूर वर्ग की है। कई फरियादियों ने किस्तों पर मोबाइल खरीदे थे, जिनके गुम होने से वे लंबे समय से परेशान थे। बीकानेर पुलिस ने उनकी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए लगातार ट्रेसिंग कर यह बरामदगी सुनिश्चित की।


पुलिस मुख्यालय राजस्थान द्वारा CEIR पोर्टल के माध्यम से गुम मोबाइलों की बरामदगी के लिए समय-समय पर विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए थे। इन्हीं आदेशों की पालना में हेमंत शर्मा, महानिरीक्षक रेंज बीकानेर और कावेन्द्र सिंह सागर, जिला पुलिस अधीक्षक बीकानेर के नेतृत्व में यह अभियान संचालित किया गया। अभियान के समन्वय की जिम्मेदारी चक्रवर्ती सिंह राठौड़ (अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर) और बनवारी लाल मीणा (अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण) को सौंपी गई।


जिला पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर के निकट पर्यवेक्षण में साइबर सेल और सभी थानों की टीमों का गठन किया गया। CEIR पोर्टल पर दर्ज रिपोर्ट और मोबाइल सेवा प्रदाता कंपनियों से प्राप्त तकनीकी विवरण के आधार पर न केवल राजस्थान बल्कि मध्यप्रदेश, बिहार, उत्तर प्रदेश, हरियाणा सहित अन्य राज्यों से भी मोबाइल ट्रेस कर बरामद किए गए।
बरामद मोबाइल जब उनके वास्तविक मालिकों को लौटाए गए तो फरियादियों के चेहरे खुशी से खिल उठे। इस अवसर पर साइबर अपराध, सोशल मीडिया से जुड़े जोखिमों और ऑनलाइन ठगी से बचाव के उपायों की भी जानकारी दी गई।
थाना/इकाईवार बरामद मोबाइल:
साइबर सेल कार्यालय – 60
पुलिस थाना कोटगेट – 20
पुलिस थाना श्रीडूंगरगढ़ – 9
पुलिस थाना नोखा – 8
पुलिस थाना साइबर – 6
पुलिस थाना कोलायत – 6
पुलिस थाना खाजूवाला – 5
पुलिस थाना जामसर – 5
पुलिस थाना जेएनवीसी – 5
पुलिस थाना कोतवाली – 4
पुलिस थाना बीछवाल – 3
पुलिस थाना नाल – 3
पुलिस थाना देशनोक – 2
पुलिस थाना एमपी नगर – 2
पुलिस थाना पुगल – 1


बीकानेर पुलिस की अपील:
बीकानेर पुलिस आमजन से अपील करती है कि मोबाइल गुम होने पर दूरसंचार विभाग के ऑनलाइन पोर्टल ceir.gov.in पर तुरंत शिकायत दर्ज करें। साइबर ठगी की स्थिति में cybercrime.gov.in, हेल्पलाइन 1930 या जिला बीकानेर हेल्पलाइन 7877045498 पर संपर्क करें, ताकि समय रहते विधिक कार्रवाई कर आपकी सहायता की जा सके।