सोना-चांदी ने तोड़े सारे अनुमान, रिकॉर्ड तेजी जारी,चांदी पहली बार 3 लाख के पार, सोना भी नए शिखर पर

देश राजस्थान विविध समाचार व्यापार

सोना-चांदी ने तोड़े सारे अनुमान, रिकॉर्ड तेजी जारी,चांदी पहली बार 3 लाख के पार, सोना भी नए शिखर पर

दैनिक खबरां। सोना और चांदी की कीमतों में गिरावट को लेकर लगाए जा रहे तमाम कयास गलत साबित होते नजर आ रहे हैं। दोनों कीमती धातुएं लगातार ऐतिहासिक ऊंचाइयों को छू रही हैं। सप्ताह के पहले कारोबारी दिन सोमवार को चांदी की कीमतों में जोरदार उछाल देखने को मिला और बाजार खुलते ही चांदी ने नया इतिहास रच दिया। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर मार्च डिलीवरी वाली चांदी 5 फीसदी से अधिक की तेजी के साथ ₹13,550 उछल गई। इसके साथ ही चांदी का भाव पहली बार ₹3,01,315 प्रति किलो के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया। वहीं सोने की कीमतों ने भी इसी रफ्तार के साथ नया उच्चतम स्तर दर्ज किया।


जनवरी में चांदी की जबरदस्त छलांग
2025 में शानदार प्रदर्शन के बाद 2026 की शुरुआत भी चांदी के लिए बेहद मजबूत रही है। जनवरी महीने में अब तक चांदी की कीमतों में ₹65,614 प्रति किलो की बढ़ोतरी हो चुकी है। 31 दिसंबर 2025 को जहां चांदी ₹2,35,701 प्रति किलो पर थी, वहीं अब यह बढ़कर ₹3,01,315 प्रति किलो के ऐतिहासिक स्तर पर पहुंच गई है।


सोने ने भी दिखाया दम, एक ही सत्र में करीब ₹3,000 की तेजी
सोने की कीमतों में भी तेज उछाल देखने को मिला। एमसीएक्स पर फरवरी वायदा सोना पिछले कारोबारी सत्र में ₹1,42,517 प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था, लेकिन सोमवार को कारोबार शुरू होते ही यह ₹1,45,500 प्रति 10 ग्राम के नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया। यानी एक ही दिन में करीब ₹2,983 की बढ़त दर्ज की गई।
साल की शुरुआत से अब तक के आंकड़ों पर नजर डालें तो 31 दिसंबर 2025 को सोना ₹1,35,804 प्रति 10 ग्राम था, जो अब बढ़कर करीब ₹9,696 महंगा हो चुका है।


अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी रिकॉर्ड
वैश्विक बाजारों में भी सोना-चांदी की कीमतों में जोरदार तेजी दर्ज की गई। एशियाई कारोबार के दौरान मार्च डिलीवरी वाली कॉमेक्स (COMEX) चांदी वायदा में 6.56 प्रतिशत की उछाल आई और यह 94.35 डॉलर प्रति औंस के सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गई।
वहीं फरवरी डिलीवरी के लिए सोना 2.23 प्रतिशत की तेजी के साथ 4,698 डॉलर प्रति औंस के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया। पिछले एक सप्ताह में चांदी करीब 11.6 प्रतिशत और सोना लगभग 2.09 प्रतिशत चढ़ चुका है।


क्यों बढ़ रहे हैं सोना-चांदी के दाम?
बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा ग्रीनलैंड को लेकर दी गई टैरिफ संबंधी चेतावनियों से वैश्विक स्तर पर भू-राजनीतिक तनाव बढ़ा है। इस अनिश्चित माहौल में निवेशक सुरक्षित निवेश विकल्पों की ओर रुख कर रहे हैं, जिससे सोना और चांदी दोनों को मजबूत समर्थन मिल रहा है।