आपसी रंजिश में युवक पर दिनदहाड़े लाठियों-कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला, पांच नामजद आरोपियों पर मामला दर्ज
दैनिक खबरां,बीकानेर। पुलिस थाना पांचू क्षेत्र में शुक्रवार को आपसी रंजिश के चलते एक युवक पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़ित की रिपोर्ट पर पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, परिवादी नथूराम पुत्र सोनाराम नायक (21) निवासी पांचू ने थाने में उपस्थित होकर एक टाइपशुदा प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया। रिपोर्ट में बताया कि 18 जनवरी 2026 को दोपहर करीब 1:30 बजे, वह अपनी ढाणी से गांव पांचू स्थित खेतीसर कुआं के पास आटा चक्की पर आटा पिसवाने आया था। इसी दौरान गांव के ही नेमाराम पुत्र भंवरलाल, नारायणराम पुत्र जोराराम, वकीलराम पुत्र नारायणराम, गणेश पुत्र रूपाराम एवं बीबीराम पुत्र भोलाराम (सभी जाति नायक, निवासी पांचू) बोलेरो वाहन में सवार होकर वहां पहुंचे। आरोप है कि सभी आरोपी हाथों में लाठियां व कुल्हाड़ी लेकर एक राय होकर आए और परिवादी को जान से मारने की नीयत से हमला कर दिया।
रिपोर्ट के अनुसार, आरोपी वकीलराम ने कुल्हाड़ी से परिवादी के सिर पर वार किया, जिससे सिर में गंभीर चोट आई और खून बहने लगा। शोर सुनकर मौके पर मौजूद आटा चक्की संचालक गन्नी खां तेली ने बीच-बचाव कर परिवादी को बचाया। इसके बाद आरोपीगण जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
पुलिस के अनुसार चिकित्सीय निरीक्षण में सिर के दाहिने हिस्से, कान के ऊपर गहरी व खून से सनी चोट पाई गई। परिवादी के प्रार्थना पत्र एवं चोटों के आधार पर पुलिस ने बीएनएस की धारा 115(2), 126 एवं 139(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। मामले की जांच दिनेश कुमार, एएसआई को सौंपी गईं है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।

