बीकानेर में सनसनी: तिलक नगर में युवक पर ताबड़तोड़ हमला,चाकू से किए वार,घायल युवक की हालत नाजुक
दैनिक खबरां,बीकानेर। शहर के तिलक नगर इलाके में आपसी रंजिश का एक और खौफनाक मामला सामने आया है। देर रात एक युवक पर जानलेवा हमला कर दिया गया, जिसमें हमलावरों ने चाकू से ताबड़तोड़ वार कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। जानकारी के अनुसार मोहम्मद तारीफ पर दो युवकों ने अचानक हमला बोल दिया। आरोप है कि हमलावरों ने बेरहमी दिखाते हुए करीब 18 बार चाकू से वार किए। हमले में युवक लहूलुहान हो गया, जिसे तुरंत ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया। वहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है और डॉक्टरों की टीम लगातार इलाज में जुटी है।
घटना की सूचना मिलते ही जय नारायण व्यास कॉलोनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। वारदात के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हमले में आवेश तंवर और उसका एक साथी शामिल बताए जा रहे हैं। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने उनकी तलाश तेज कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
इस सनसनीखेज घटना के बाद तिलक नगर क्षेत्र में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों में रोष व्याप्त है, वहीं एहतियातन इलाके में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है।

