बेनीवाल का हजारों गाड़ियों के साथ जयपुर कूच; रात की बातचीत, सुबह सहमति—आंदोलन स्थगित

नागौर राजनीति राजस्थान

बेनीवाल का हजारों गाड़ियों के साथ जयपुर कूच; रात की बातचीत, सुबह सहमति—आंदोलन स्थगित

बीकानेर, दैनिक खबरां। नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल ने किसानों की छह सूत्रीय मांगों को लेकर शुरू किए गए आंदोलन को स्थगित करने की घोषणा कर दी है। जिला प्रशासन के साथ हुई बातचीत के बाद मांगों पर लिखित सहमति बनने का दावा किया गया है। सांसद बेनीवाल ने बताया कि बुधवार तड़के करीब 5 बजे नागौर जिला कलेक्टर अरुण कुमार पुरोहित, एसपी मृदुल कच्छावा और रियांबड़ी एसडीएम सूर्यकांत मौके पर पहुंचे, जहां प्रशासनिक अधिकारियों से विस्तृत चर्चा हुई। बातचीत के बाद बजरी माफिया के खिलाफ कार्रवाई सहित अन्य मांगों पर सहमति बनी।


बेनीवाल के अनुसार, बजरी माफिया के खिलाफ एक दिन के भीतर सर्वे के लिए विशेष टीमें गठित की जाएंगी और आगामी दो से तीन दिनों में संबंधित प्रक्रियाएं पूरी कर ली जाएंगी। गौरतलब है कि मंगलवार शाम को सांसद हनुमान बेनीवाल करीब दो हजार वाहनों के काफिले के साथ नागौर से जयपुर की ओर रवाना हुए थे। रात करीब साढ़े नौ बजे यह काफिला नागौर जिले के अंतिम गांव बाड़ी घाटी स्थित टोल प्लाजा के पास हाईवे किनारे रुका। रात करीब साढ़े ग्यारह बजे अजमेर रेंज के आईजी राजेंद्र सिंह, नागौर कलेक्टर अरुण कुमार और एसपी मृदुल कच्छावा वार्ता के लिए पहुंचे। प्रशासन और आंदोलनकारियों के बीच देर रात डेढ़ बजे तक बातचीत चली, हालांकि उस समय सभी बिंदुओं पर सहमति नहीं बन सकी थी। बाद में बुधवार सुबह पुनः हुई वार्ता में समाधान निकलने के बाद आंदोलन स्थगित कर दिया गया।