पीबीएम के कैंसर अस्पताल में गंभीर लापरवाही, मरीज को चढ़ा दिया गलत ब्लड, तबियत बिगड़ी, भाजपा नेताओं नें जताया विरोध
दैनिक खबरां, बीकानेर। बीकानेर के पीबीएम अस्पताल स्थित आचार्य तुलसी कैंसर अस्पताल में बुधवार शाम एक बड़ी चिकित्सा लापरवाही सामने आई। कैंसर विंग में भर्ती 75 वर्षीय वृद्धा भवानी देवी को गलत ब्लड ग्रुप का रक्त चढ़ा दिया गया, जिससे उनकी तबीयत बिगड़ गई। गनीमत रही कि समय रहते परिजन की नजर ब्लड यूनिट पर दर्ज ब्लड ग्रुप पर पड़ गई और उन्होंने तुरंत डॉक्टर व नर्सिंग स्टाफ को सूचना दी। तत्परता से उपचार मिलने पर मरीज की हालत में सुधार हो गया।
घटना के समय वार्ड में एक डॉक्टर और दो नर्सिंग स्टाफ मौजूद थे। जानकारी के अनुसार भवानी देवी में खून की कमी बताई गई थी। उनका ब्लड ग्रुप ए पॉजिटिव है, जिसकी एक यूनिट पहले चढ़ाई गई। इसके बाद दूसरी यूनिट के लिए परिजन ब्लड बैंक से रक्त लेकर आए, लेकिन वहां से गलत ब्लड यूनिट जारी कर दी गई। बिना समुचित जांच के नर्सिंग स्टाफ ने वही यूनिट मरीज को चढ़ा दी, जिससे उनकी तबीयत बिगड़ गई।
मामले की जानकारी मिलने पर परिजनों ने सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. सुरेंद्र वर्मा को शिकायत की। सूचना मिलते ही प्रिंसिपल स्वयं कैंसर विंग पहुंचे। इस दौरान कैंसर विंग के एचओडी डॉ. सुरेंद्र बेनीवाल भी मौके पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली।
घटना के बाद परिजनों ने भाजपा युवा मोर्चा के शहर अध्यक्ष वेद व्यास को भी अवगत कराया। वेद व्यास ने अस्पताल पहुंचकर नाराजगी जताई और पीबीएम अधीक्षक डॉ. बी.सी. घीया से फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी। बाद में प्रिंसिपल के सामने भी लापरवाही को लेकर कड़ा विरोध दर्ज कराया गया।
इस घटना ने पीबीएम अस्पताल की कार्यप्रणाली और मरीजों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

