जल्दी अमीर बनने की चाह ने बनाया अपराधी: 15 लाख कर्ज में डूबे स्टूडेंट ने बुजुर्ग महिला को लूटा
दैनिक खबरां, न्यूज़। कॉम्पिटिशन की तैयारी कर रहे युवक ने जल्दी अमीर बनने की चाह में शेयर मार्केट और ऑनलाइन सट्टे के चक्कर में ऐसा कदम उठा लिया, जिसने उसे अपराध की राह पर धकेल दिया। घटना बाड़मेर जिले से जुड़ी हुई है। जंहा रविवार को रीको थाना पुलिस ने 26 वर्षीय आरोपी को एक बुजुर्ग महिला से लूट के मामले में बापर्दा गिरफ्तार किया है। आरोपी पर करीब 15 लाख रुपए का कर्ज चढ़ चुका था, जिसे चुकाने के लिए उसने लूट की योजना बनाई थी।
शेयर–मार्केट और ऑनलाइन सट्टे में फंसा, घर से ज्वेलरी चुराई
बलदेव नगर निवासी आरोपी किराए के कमरे में रहकर पटवारी, ग्राम सेवक और शिक्षक भर्ती की तैयारी कर रहा था। जल्दी पैसा कमाने के लालच में वह शेयर मार्केट व सट्टे की तरफ बढ़ गया। पैसे की जरूरत पड़ने पर उसने पत्नी, बहन, भाभी सहित परिवार की महिलाओं के गहने चुराकर बैंक में गिरवी रख दिए और गोल्ड लोन लेकर सट्टा खेलता रहा। हार का सिलसिला जारी रहा और कर्ज 15 लाख से ऊपर पहुंच गया। बैंक व फाइनेंस कंपनियों के लगातार फोन आने पर उसने बड़ी लूट की प्लानिंग बनाई।
चार बार लूट की कोशिश नाकाम
पुलिस के अनुसार आरोपी बाइक लेकर गांव-ढाणियों में घूमकर महिलाओं पर नजर रखता था। धनाऊ, उड़ासर, गुड़ामालानी और बायतु में चार बार आभूषण लूटने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हो सका।
पांचवीं बार 30 किलोमीटर पीछा, फिर ब्लेड से हमला
5 दिसंबर की दोपहर आरोपी सिणधरी सर्किल पर ज्वेलरी पहनी महिलाओं की रैकी कर रहा था। इसी दौरान एक बुजुर्ग महिला बस में बैठकर शिवकर बस स्टैंड तक आई।
आरोपी बिना नंबर की बाइक पर उसका लगभग 30 किलोमीटर पीछा करता रहा। महिला जैसे ही शिवकर बस स्टैंड से पैदल मगने की ढाणी की ओर बढ़ी, आरोपी ने सुनसान जगह पर ब्लेड से हमला कर उसके गले में पहनी सोने की ज्वेलरी तिमणिया, कंठी और हरडिया छीन ली और फरार हो गया। घायल महिला रुखमा देवी ने रीको पुलिस थाने में रिपोर्ट दी थी।
पूछताछ में कबूला जुर्म, कल कोर्ट में पेश होगा आरोपी
रिपोर्ट मिलने पर थानाधिकारी भंवर सिंह ने विशेष टीम बनाकर जांच शुरू की। शिवकर रोड पर उस समय के बाइक सवारों से पूछताछ की गई। संदेह के आधार पर आरोपी को डिटेन किया गया। पूछताछ में उसने जुर्म स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे बापर्दा गिरफ्तार किया गया। एएसपी नीतेश आर्य ने बताया कि आरोपी से लूटी गई ज्वेलरी की बरामदगी और अन्य तथ्यों की गहन जांच की जा रही है। महिला से आरोपी की शिनाख्त करवाई जाएगी। आरोपी को सोमवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा।

