खारा में दिन-रात धुआं,26 फैक्ट्रीयों को नोटिस, ग्रामीणों ने चेताया- कार्रवाई नहीं हुई तो महापड़ाव

बीकानेर

खारा में दिन-रात धुआं,26 फैक्ट्रीयों को नोटिस, ग्रामीणों ने चेताया- कार्रवाई नहीं हुई तो महापड़ाव

Dainik Khabraan, Bikaner। खारा औद्योगिक क्षेत्र में लंबे समय से पीओपी यूनिट्स से फैल रहे धुएं के बीच अब गिट्टी निर्माण इकाइयों का धुआं भी लोगों के लिए परेशानी का कारण बन गया है। सुबह और शाम के समय धुएं की परत गांव पर छा जाती है, जिससे स्थानीय निवासियों में आक्रोश बढ़ रहा है। लगातार शिकायतें मिलने के बाद प्रदूषण नियंत्रण मंडल (पीसीबी) ने फैक्ट्री संचालकों को सख्त निर्देश जारी किए हैं।

औद्योगिक क्षेत्र में लगभग 125 इकाइयां संचालित हो रही हैं, जिनमें से 22 गिट्टी की फैक्ट्रियां हैं। ये यूनिट्स एक साथ चलने पर हवा की गुणवत्ता बेहद खराब हो जाती है, खासकर मिनरल जोन में हालात ज्यादा बिगड़ते हैं। ग्रामीणों के विरोध के संकेत मिलने पर कई उद्यमियों ने फैक्ट्रियां शिफ्ट सिस्टम में चलानी शुरू की हैं, लेकिन बावजूद इसके प्रदूषण पर कोई खास असर दिखाई नहीं दे रहा।

बुधवार को पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड की टीम ने क्षेत्र का निरीक्षण किया और कई गिट्टी इकाइयों में अत्यधिक धुआं उत्सर्जन की पुष्टि की। बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी ने सभी संचालकों को नोटिस जारी किए हैं। अब तक 26 फैक्ट्रियों को नोटिस भेजे जा चुके हैं, जिनमें से एक को सील भी किया गया है।

उधर, खारा निवासी गजेसिंह ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो ग्रामीण कलेक्ट्रेट के बाहर महापड़ाव डालकर आंदोलन करेंगे।
वहीं, उद्यमियों ने भी अपने पक्ष को मजबूत करने के लिए केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल से मिलकर औद्योगिक स्थितियों और अपनी समस्याओं से अवगत कराया है।