रीको का नया पोर्टल शुरू: अब एक क्लिक में बदल सकेंगे औद्योगिक गतिविधि

बीकानेर

रीको का नया पोर्टल शुरू: अब एक क्लिक में बदल सकेंगे औद्योगिक गतिविधि


दैनिक खबरां, बीकानेर। रीको द्वारा औद्योगिक क्षेत्रों में आवंटित भूखण्डों की उपयोगिता को अधिक व्यावहारिक, पारदर्शी और समयानुकूल बनाने के उद्देश्य से अनुमत गतिविधि परिवर्तन की ऑनलाइन सुविधा शुरू कर दी गई है। इस संबंध में निदेशक मंडल के निर्णय के अनुसार रीको ने भू-निपटान नियम, 1979 के नियम 20(सी) के तहत आदेश 24 अक्टूबर 2025 को जारी किए थे।

बीकानेर जिला उद्योग संघ के अध्यक्ष द्वारकाप्रसाद पचीसिया और सचिव वीरेंद्र किराड़ू ने बताया कि इच्छुक पट्टाधारियों के लिए आवेदन प्रक्रिया को सुगम बनाने हेतु रीको का ईआरपी पोर्टल 26 नवम्बर 2025, प्रातः 10 बजे से खोल दिया गया है। अब पट्टाधारी अपने भूखण्ड पर एक अनुमत औद्योगिक गतिविधि से दूसरी अनुमत गतिविधि में परिवर्तन हेतु अपने एसएसओ आईडी के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।

उन्होंने बताया कि आवेदन प्रस्तुत करते समय 25,000 रुपये शुल्क तथा आवश्यक दस्तावेज ऑनलाइन जमा कराने होंगे। प्राप्त आवेदनों की जांच के बाद निर्धारित राशि जमा कराने पर गतिविधि परिवर्तन की स्वीकृति जारी की जाएगी। इन आवेदनों का निस्तारण ‘फर्स्ट कम, फर्स्ट आउट’ (FIFO) के सिद्धांत पर किया जाएगा। विस्तृत नियम रीको की वेबसाइट पर उपलब्ध हैं।

रीको की इस पहल से पट्टाधारी अपने भूखण्डों पर अन्य अनुमत औद्योगिक गतिविधियां सुगमता से प्रारम्भ कर सकेंगे। इससे न केवल राज्य सरकार के राजस्व में वृद्धि होगी, बल्कि प्रदेश में औद्योगिकीकरण और नए रोजगारों के अवसर भी बढ़ेंगे।