अग्निकांड में दो वर्षीय मासूम की दर्दनाक मौत, विधायक अंशुमान सिंह नें मौके पर पहुंच आर्थिक सहयोग के दिए निर्देश
दैनिक खबरां,बीकानेर/कोलायत। बज्जू तहसील के ग्राम डेरिया के पास स्थित एक ढाणी में बुधवार सुबह अचानक लगी भीषण आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। हादसे में दो वर्षीय मासूम बच्ची की झुलसकर दर्दनाक मौत हो गई। घटना से पूरे क्षेत्र में शोक और स्तब्धता का माहौल है।
सूचना मिलते ही कोलायत विधायक अंशुमान सिंह भाटी तुरंत मौके पर पहुंचे और शोकाकुल परिजनों से मिलकर गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने पीड़ित परिवार को व्यक्तिगत स्तर पर आर्थिक सहायता देने का आश्वासन दिया। वहीं, उनके साथ पहुंचे सामाजिक कार्यकर्ता धीरेंद्र सिंह भाटी और सुजान सिंह सोढ़ा ने भी तत्काल राहत राशि देने की घोषणा की।
विधायक भाटी ने आग से हुए नुकसान का जायजा लिया और संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि सरकारी सहायता के सभी प्रावधान शीघ्रतम लागू किए जाएं, ताकि परिवार को त्वरित राहत मिल सके। विधायक अंशुमान सिंह भाटी ने कहा, “यह हृदय विदारक घटना पूरे समाज को झकझोरने वाली है। मासूम बच्ची की असमय मृत्यु अत्यंत पीड़ादायक है। इस कठिन समय में हम परिवार के साथ खड़े हैं। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करे।”

