ट्रैक्टर-ट्रॉली से ट्रेन की टक्कर,लोको पायलट की सूझबूझ से टली बड़ी जनहानि
दैनिक खबरां,बीकानेर। श्रीडूंगरगढ़ तहसील में रविवार शाम बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब बीकानेर- दिल्ली सुपरफास्ट एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या 22472) ट्रैक पर चढ़े ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। हादसे में ट्रैक्टर से ट्रॉली अलग होकर दूर जा गिरी, लेकिन लोको पायलट की तत्परता से ट्रेन की स्पीड समय रहते कम कर दी गई, जिससे ट्रेन डिरेलिंग और बड़ा नुकसान होने से बच गया।
जानकारी के अनुसार श्रीडूंगरगढ़ व बेनीसर के बीच ट्रैक पार करते समय ट्रैक्टर चालक अचानक ट्रैक पर चढ़ गया। इसी दौरान सुपरफास्ट ट्रेन आती देख वह घबरा गया और ट्रैक्टर-ट्रॉली को वहीं छोड़कर कूदकर भाग गया। लोको पायलट ने ट्रैक पर खड़े वाहन को देखा तो तुरंत ट्रेन की रफ्तार कम कर दी, बावजूद इसके ट्रेन की ट्रैक्टर-ट्रॉली से टक्कर हो गई। जोरदार आवाज से यात्री कुछ देर के लिए दहशत में आ गए, हालांकि सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित रहे और कोई जनहानि नहीं हुई।
सूचना पर जीआरपी और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रैक्टर-ट्रॉली को हटवाकर सीज करने की कार्रवाई की। जीआरपी ने ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि हादसे में किसी को चोट नहीं आई है और लोको पायलट की समझदारी से एक बड़ा हादसा टल गया। फिलहाल मामला जीआरपी जांच के अधीन है।

