पुलिस थाने में ब्लास्ट,9 की मौत, 26 घायल; जब्त विस्फोटकों के नमूने लेते समय हादसा

देश

पुलिस थाने में ब्लास्ट,9 की मौत, 26 घायल; जब्त विस्फोटकों के नमूने लेते समय हादसा

श्रीनगर। दिल्ली धमाकों से देश अभी संभला ही नहीं था कि देर रात एक और बड़ा विस्फोट हो गया जिसमें नौ लोगों की मौत होने की जानकारी सामने आई है। जानकारी के अनुसार श्रीनगर के नौगाम पुलिस स्टेशन में हुए भीषण विस्फोट में 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि 26 अन्य घायल हो गए। मृतकों में ज्यादातर पुलिसकर्मी और फोरेंसिक अधिकारी शामिल हैं। धमाका इतना जोरदार था कि इसकी आवाज कई किलोमीटर दूर तक सुनाई दी और पुलिस थाने की इमारत सहित आसपास के घरों की खिड़कियां टूट गईं।

अधिकारियों ने बताया कि यह विस्फोट उस समय हुआ जब पुलिस और फोरेंसिक टीम ‘सफेदपोश’ आतंकी मॉड्यूल मामले में जब्त विस्फोटकों से नमूने निकाल रही थी। ये विस्फोटक हरियाणा के फरीदाबाद से लाए गए थे और आरोपी डॉक्टर मुजम्मिल गनई के किराए के घर से 360 किलोग्राम बारूद बरामद हुआ था। इसी विस्फोटक सामग्री के एक हिस्से की फॉरेंसिक जांच चल रही थी।

नमूना संग्रह के दौरान अचानक शक्तिशाली विस्फोट हो गया, जिससे पुलिस स्टेशन के भीतर लगातार छोटे-छोटे ब्लास्ट होते रहे। इससे बम निरोधक दस्ते को भी तुरंत बचाव अभियान शुरू करने में दिक्कतें आईं। थाने के अंदर और बाहर खड़े कई वाहनों में आग लग गई।

धमाके की तीव्रता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि इसकी आवाज सात किलोमीटर दूर राजबाग, पुराना सचिवालय, छानपोरा, सनतनगर, रावलपोरा और पंथा चौक तक सुनाई दी। विस्फोट स्थल से अब तक 9 शव बरामद किए जा चुके हैं, जिनकी पहचान की प्रक्रिया जारी है। सभी घायलों को श्रीनगर के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

पुलिस ने बताया कि बरामद विस्फोटक सामग्री का कुछ हिस्सा फोरेंसिक लैब में रखा गया था, जबकि बड़ा हिस्सा थाने में था, जहां आतंकी मॉड्यूल का प्राथमिक मामला दर्ज है। अधिकारियों के अनुसार, प्राथमिक जांच में विस्फोट का कारण हैंडलिंग के दौरान अचानक हुई रासायनिक प्रतिक्रिया प्रतीत हो रही है।