थानेदार सहित छह पुलिसकर्मियों पर वसूली का आरोप, अदालत के आदेश पर दर्ज हुई FIR

बीकानेर बीकानेर पुलिस

थानेदार सहित छह पुलिसकर्मियों पर वसूली का आरोप, अदालत के आदेश पर दर्ज हुई FIR

दैनिक खबरां,बीकानेर। खाजूवाला थाना क्षेत्र में पुलिस कर्मियों पर गंभीर आरोप लगे हैं। अदालत के निर्देश पर थाने के ही प्रभारी सहित छह पुलिसकर्मियों व एक स्थानीय युवक के खिलाफ जबरन एक लाख रुपये वसूलने के मामले में एफआईआर दर्ज की गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार चक 25 बीडी निवासी राजेंद्र सिंह पुत्र हरीसिंह ने खाजूवाला के अति. मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट न्यायालय में इस्तगासा दायर किया था। इस्तगासा में आरोप लगाया कि थानाधिकारी और पुलिसकर्मी लंबे समय से उसे बेवजह परेशान कर रहे थे।

एफआईआर में थानाधिकारी सुरेंद्र कुमार प्रजापत, कांस्टेबल रामकुमार, मुकेश, रामनिवास, मोनू सिंह, हेड कांस्टेबल ईश्वर सिंह और स्थानीय निवासी प्रेम शर्मा को नामजद किया गया है।

राजेंद्र सिंह का कहना है कि वह चक 7 एसएसएम में शिव शक्ति होटल संचालित करता है। एक जुलाई 2025 की सुबह करीब सवा सात बजे पुलिस टीम होटल पर पहुंची और उसे थाने नहीं आने तथा “बंधी” (बंधपत्र) जमा नहीं करवाने को लेकर धमकाया। विरोध करने पर पुलिसकर्मियों ने होटल में लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर भी साथ ले लिया।

इस्तीगासा में यह भी आरोप है कि बाद में पुलिसकर्मियों ने “मामला ठंडा करने” के नाम पर एक लाख रुपये की मांग की। आरोप के अनुसार शिकायतकर्ता ने अपने भाई से पैसे लेकर एक दुकान पर राशि सौंप दी, लेकिन इसके बावजूद उसके खिलाफ झूठा मामला दर्ज कर दिया गया तथा सीसीटीवी डीवीआर भी वापस नहीं किया गया।