प्रदेश में सड़क सुरक्षा पर सख्त सरकार,पांच दिन में 55 हजार से अधिक चालान, 400 वाहन सीज

बीकानेर राजस्थान

प्रदेश में सड़क सुरक्षा पर सख्त सरकार,पांच दिन में 55 हजार से अधिक चालान, 400 वाहन सीज


दैनिक खबरां, बीकानेर । राज्य सरकार मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा के नेतृत्व में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सख्त रुख अपनाए हुए है। सरकार द्वारा सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए 4 से 18 नवम्बर तक प्रदेशव्यापी 15 दिवसीय सड़क सुरक्षा अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत जहां वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया जा रहा है, वहीं नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई भी की जा रही है।

पुलिस विभाग ने सड़क सुरक्षा अभियान के पहले पांच दिनों में शराब पीकर वाहन चलाने पर 3736, तेज गति से वाहन चलाने पर 21911, गलत दिशा में वाहन चलाने पर 15174, खतरनाक तरीके से वाहन चलाने पर 1586, बिना रिफ्लेक्टर वाहन चलाने पर 4311 तथा बिना नंबर प्लेट वाहन चलाने पर 8585 वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की है। इस दौरान 1 लाख 90 हजार 67 नागरिकों को यातायात नियमों एवं सुरक्षित ड्राइविंग के प्रति जागरूक किया गया है। प्रदेश के विभिन्न राजमार्गों पर एनएच-48 मॉडल के अनुरूप लेन ड्राइविंग सिस्टम लागू करने के लिए पुलिस जाप्तों से प्रचार-प्रसार किया गया और नियमों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई की गई।

सड़क सुरक्षा अभियान के तहत परिवहन एवं सड़क सुरक्षा विभाग ने अब तक 8567 वाहनों के चालान किए हैं। इनमें मालवाहक वाहनों पर ओवरलोडिंग के 574, यात्री पाए जाने पर 216, अन्य नियमों के उल्लंघन पर 5653 चालान, यात्री वाहनों में क्षमता से अधिक यात्री पाए जाने पर 106, छत पर सामान रख संचालन करने पर 21 तथा अन्य उल्लंघनों पर 1033 चालान शामिल हैं। विभाग ने 206 चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त, 38 वाहनों के रजिस्ट्रेशन रद्द, 400 वाहन सीज तथा 22 वाहनों के परमिट कैंसिल किए हैं।

चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने 8 व 9 नवम्बर को राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों पर चलने वाले 2765 ट्रक व बस चालकों की नेत्र जांच कर 387 जरूरतमंद चालकों को चश्मे वितरित किए। अब तक कुल 5044 चालकों की नेत्र जांच कर 789 चश्मे वितरित किए जा चुके हैं। सड़क सुरक्षा अभियान के तहत विभिन्न विभागों और जिला प्रशासन द्वारा भी प्रभावी कार्य किए जा रहे हैं।

सार्वजनिक निर्माण विभाग ने सड़क किनारे झाड़ियाँ हटाने, स्पीड ब्रेकर सही करने, चेतावनी संकेतक लगाने और अनाधिकृत कट बंद करने जैसे कार्य किए हैं। नगरीय विकास एवं स्थानीय निकाय विभाग ने फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त करने, रोड लाइटें दुरुस्त करने, निराश्रित पशुओं को सुरक्षित स्थान पर भेजने जैसे कदम उठाए हैं। राज्य सरकार का यह अभियान सड़क सुरक्षा के प्रति आमजन में जागरूकता बढ़ाने और दुर्घटनाओं में कमी लाने की दिशा में एक सराहनीय पहल साबित हो रहा है।