बारातियों से भरी स्कॉर्पियो की कार से भीषण टक्कर, दो की मौत, आधा दर्जन बाराती घायल
दैनिक खबरां, बीकानेर। रविवार देर शाम बीकानेर संभाग के सरदारशहर-तारानगर मार्ग पर नैनासर टोल प्लाजा के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। स्कॉर्पियो और कार की आमने-सामने टक्कर में कार सवार रिटायर्ड फौजी और उनकी बेटी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि स्कॉर्पियो में सवार सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार, तारानगर के गोगटिया गांव निवासी सुल्तान पुत्र श्योपत अपनी बेटी ममता के साथ कार से जा रहे थे, तभी सामने से आ रही बारातियों से भरी स्कॉर्पियो से उनकी गाड़ी टकरा गई। हादसा इतना जबरदस्त था कि कार के परखच्चे उड़ गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल सरदारशहर के राजकीय उप जिला अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे में सुल्तान और उनकी बेटी ममता की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि सुल्तान भारतीय सेना से रिटायर थे और वर्तमान में हनुमानगढ़ जिले के पल्लू में एसबीआई बैंक में सुरक्षा गार्ड के पद पर कार्यरत थे।
वहीं स्कॉर्पियो में सवार भीमसर गांव से बारात लेकर तारानगर के गाजवास जा रहे जितेश (22), अनिल पुरी (20), पवन सारण, विनोद (25), दीपक (35), पवन (16) और धर्मेंद्र घायल हुए हैं। इनमें धर्मेंद्र की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसे हायर सेंटर रेफर किया गया है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया है।

