बीकानेर पुलिस नें की ताबड़तोड़ कार्रवाई;मोडिफाइड साइलेंसरों पर चलाया बुलडोजर

पुलिस कार्रवाई बीकानेर

दैनिक खबरां,बीकानेर। शहर में बढ़ते शोर और आमजन की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यातायात पुलिस बीकानेर ने शनिवार को विशेष अभियान चलाकर बुलेट मोटरसाइकिलों पर लगे मोडिफाइड साइलेंसर और वाहनों में लगे प्रेशर हॉर्न के खिलाफ सख्त कार्यवाही की। इस दौरान 137 मोडिफाइड साइलेंसर और 25 प्रेशर हॉर्न उतरवाकर जब्त किए गए।

यह अभियान बीकानेर रेंज आईजी हेमंत शर्मा, जिला पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सागर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर सौरभ तिवाड़ी तथा यातायात उप अधीक्षक किशनसिंह के निर्देशन में चलाया गया। यातायात प्रभारी पुलिस निरीक्षक नरेश कुमार निर्वाण के नेतृत्व में टीम ने शहर के विभिन्न इलाकों में बुलेट चालकों की चेकिंग की और नियम तोड़ने वालों पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्यवाही की।

यातायात निरीक्षक निर्वाण ने बताया कि वर्ष 2025 में अब तक 277 मोडिफाइड साइलेंसर और 75 प्रेशर हॉर्न जब्त कर बुलडोजर चलाकर न्यायालय के आदेशानुसार नष्ट किए जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि मोडिफाइड साइलेंसर लगाकर “पटाखे की आवाज” निकालने वाले बुलेट चालकों के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा।

पुलिस का कहना है कि शहर में बिना नंबर के वाहन, शराब पीकर वाहन चलाने वाले चालक, बुलेट पर पटाखे की आवाज निकालने वाले साइलेंसर और वाहनों पर गार्टर लगाने वालों के खिलाफ भी प्रतिदिन प्रभावी कार्यवाही की जा रही है। साथ ही उन मोटरसाइकिल मैकेनिकों की पहचान की जा रही है जो ऐसे साइलेंसर फिट करते हैं, उनके विरुद्ध भी कार्यवाही की जाएगी।