सोना-चांदी के भावों में बड़ी गिरावट! लंबे समय बाद सराफा बाजार में लौटी मंदी, ग्राहकों को मिली राहत
Business News। दैनिक खबरां, बीकानेर । लंबे समय से लगातार बढ़ते सोना-चांदी के भावों में अब बड़ी गिरावट देखने को मिली है। जयपुर सराफा ट्रेडर्स कमेटी द्वारा मंगलवार को जारी दरों के अनुसार, आज चांदी में करीब 8500 रुपये प्रति किलो और सोने में 3200 रुपये प्रति दस ग्राम की गिरावट दर्ज की गई है। बुधवार को जयपुर सराफा बाजार में चांदी का भाव 1,60,000 रुपये प्रति किलो रहा। वहीं शुद्ध सोना 1,28,000 रुपये प्रति दस ग्राम और जेवराती सोना 1,20,000 रुपये प्रति दस ग्राम पर कारोबार करता नजर आया। दिवाली के बाद पहली बार बाजार में इतनी बड़ी गिरावट आई है।
व्यापारियों के अनुसार, दिवाली से पहले लगातार बढ़त के चलते जिन लोगों ने ऊँचे भावों पर खरीदारी की थी, वे अब मुनाफावसूली कर रहे हैं। त्योहारी सीजन में आई तेज मांग के बाद अब बाजार में ठहराव देखने को मिल रहा है। इसके साथ ही अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोना-चांदी के भावों में नरमी का असर घरेलू बाजार पर पड़ा है। सराफा व्यापारियों ने बताया कि डॉलर की मजबूती और ब्याज दरों के रुझान में बदलाव से भी वैश्विक बाजार प्रभावित हुआ है, जिसका सीधा असर भारतीय सराफा बाजार पर देखने को मिल रहा है।
विशेषज्ञों का कहना है कि जिन लोगों ने दिवाली से पहले खरीदारी नहीं की, उनके लिए यह सही समय है। सोना-चांदी के भावों में आई गिरावट ग्राहकों के लिए लाभ का सौदा साबित हो सकती है। हालांकि बाजार विशेषज्ञों का अनुमान है कि आने वाले दिनों में कीमती धातुओं के भावों में फिर उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है।
पिछले एक महीने में सोने-चांदी के भावों में लगातार तेजी बनी हुई थी। दिवाली से पहले सोना रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया था। अब बाजार में मंदी का रुख लौटने से उपभोक्ताओं और खुदरा व्यापारियों को कुछ राहत मिली है।

