दीपावली पर कर्मचारियों के चेहरे खिले, सीएम ने दी बड़ी सौगात, 6 लाख कर्मचारियों को मिलेगा बोनस

राजस्थान

दीपावली पर कर्मचारियों के चेहरे खिले,सीएम ने दी बड़ी सौगात, 6 लाख कर्मचारियों को मिलेगा बोनस

दैनिक खबरां,जयपुर। दीपावली से पहले मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रदेश के लाखों कर्मचारियों को खुशियों का बड़ा तोहफा दिया है। मुख्यमंत्री ने वित्त मंत्री दिया कुमारी के प्रस्ताव को मंजूरी देते हुए राज्य कर्मचारियों को तदर्थ बोनस देने की घोषणा की है। इससे प्रदेश के करीब 6 लाख कर्मचारी लाभान्वित होंगे।

सरकार की इस घोषणा के बाद सरकारी दफ्तरों में उत्साह का माहौल है। यह बोनस राजस्थान सिविल सेवा (पुनरीक्षित वेतन) नियम, 2017 के तहत पे लेवल L-12 अथवा ग्रेड पे ₹4800 या उससे कम वेतन पाने वाले कर्मचारियों को मिलेगा।

प्रत्येक पात्र कर्मचारी को अधिकतम ₹6774 का तदर्थ बोनस मिलेगा। इसमें से 75 प्रतिशत राशि नकद दी जाएगी जबकि 25 प्रतिशत राशि सामान्य भविष्य निधि (GPF) खाते में जमा की जाएगी। पंचायत समिति और जिला परिषद कर्मचारियों को भी इस बोनस का लाभ मिलेगा।
वर्ष 2024-25 के लिए देय इस बोनस से सरकार पर लगभग ₹406 करोड़ का अतिरिक्त वित्तीय भार आएगा, लेकिन कर्मचारियों में इससे दीपावली की रौनक और बढ़ गई है।