SMS हादसे के बाद हॉस्पिटलों में सुरक्षा को लेकर कड़े निर्देश, अब 24 घंटे फायरमैन करना होगा तैनात
जयपुर,दैनिक खबरां । SMS ट्रोमा सेंटर में आगजनी की घटना और 8 लोगों की मौत के बाद राज्य प्रशासन ने सभी हॉस्पिटलों में सुरक्षा इंतजामों को सख्ती से लागू करने का आदेश दिया है। बुधवार को मेडिकल एज्युकेशन सेक्रेट्री अम्बरीश कुमार ने सभी हॉस्पिटल अधीक्षकों और मेडिकल कॉलेजों के प्रिंसिपलों के साथ बैठक कर नई सुरक्षा व्यवस्थाओं पर चर्चा की।
बैठक में मुख्य रूप से ये निर्देश दिए गए:
फायरमैन की नियुक्ति: हर हॉस्पिटल में कम से कम एक फायरमैन को 24 घंटे ड्यूटी पर तैनात किया जाएगा।
रिटायर्ड फायर ऑफिसरों की सहायता: नगरीय निकायों से रिटायर्ड फायर ऑफिसरों को नियुक्त कर फायर सेफ्टी उपकरणों की ऑडिट करवाई जाएगी।
ज्वलनशील पदार्थ पर रोक: जनरल और ICU वार्ड में किसी भी प्रकार के ज्वलनशील पदार्थ जैसे कागज, फाइल, कपास, स्पिरिट आदि नहीं रखे जाएंगे। केवल नियमित काम आने वाली मरीजों की फाइलों की अनुमति होगी।
सुरक्षा संवेदनशील स्थान: हॉस्पिटल में आग लगने की अधिक संभावना वाले क्षेत्रों की पहचान कर वहां फायर फाइटिंग सिस्टम स्थापित किए जाएंगे।
अम्बरीश कुमार ने कहा कि इन कदमों से हॉस्पिटल में आग लगने की स्थिति में तत्काल नियंत्रण संभव होगा और मरीजों की सुरक्षा सुनिश्चित होगी।

