विरोध प्रदर्शन V/s लाठीचार्ज मामला: कुकणा सहित 10 जनें फिर से हिरासत में, बाकी की हुई जमानत..

पुलिस कार्रवाई बीकानेर

दैनिक खबरां, बीकानेर। बीकानेर में एक निजी हॉस्पिटल में मरीज की मौत के बाद डॉक्टरों पर लापरवाही के आरोपों को लेकर कांग्रेस नेताओं के प्रदर्शन के बाद पुलिस ने कड़ी कार्रवाई की है। सदर थाना के SHO ने प्रदेश कांग्रेस सचिव रामनिवास कूकणा समेत 10 नेताओं के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया है, जबकि करीब 150 अन्य को आरोपी बनाया गया है।

इससे पहले मंगलवार को शांति भंग के आरोप में 36 लोगों को गिरफ्तार किया गया था। बुधवार को सभी को एडीएम सिटी के सामने पेश करने पर जमानत मिल गई, लेकिन 10 जने जिनके खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज था, उन्हें फिर हिरासत में ले लिया गया। पुलिस नें आरोपियों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का प्रयास, पुलिस पर हमला और अधिकारियों के काम में बाधा डालने जैसी धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।

यह है पूरा मामला : हनुमानगढ़ निवासी रामेश्वर लाल को पेसमेकर की समस्या के कारण बीकानेर के आयुष्मान हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान उनकी 12 सितंबर को मौत हो गई। परिजनों का कहना है कि डॉक्टरों की लापरवाही से यह हादसा हुआ। मेडिकल बोर्ड ने डॉक्टरों को क्लीनचिट दे दी, लेकिन कांग्रेस नेताओं ने इस फैसले का विरोध किया। मंगलवार शाम विरोध प्रदर्शन के दौरान पथराव और उत्पात की घटना हुई, जिसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज कर स्थिति को नियंत्रित किया।