राजस्थान के 80 लाख किसानों को राहत, दिवाली से पहले आएंगे पीएम किसान योजना के पैसे!

राजनीति राजस्थान


राजस्थान के 80 लाख किसानों को राहत, दिवाली से पहले आएंगे पीएम किसान योजना के पैसे!

दैनिक खबरां, बीकानेर। राजस्थान समेत देशभर के करोड़ों किसानों के लिए खुशखबरी है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की अगली यानी 21वीं किस्त जल्द ही किसानों के खातों में पहुंचने वाली है। जानकारी के मुताबिक, हिमाचल प्रदेश, पंजाब और उत्तराखंड के किसानों के खातों में 26 सितंबर को ही यह किस्त ट्रांसफर कर दी गई है। ऐसे में बाकी राज्यों के किसानों के खातों में भी यह राशि दिवाली से पहले पहुंचने की पूरी संभावना है। राजस्थान में इस योजना से 80 लाख से अधिक किसान जुड़े हुए हैं। पिछली यानी 20वीं किस्त के दौरान 16 करोड़ रुपए से अधिक की राशि सीधे किसानों के बैंक खातों में ट्रांसफर की गई थी। अब किसानों को 21वीं किस्त का इंतजार है, जिससे त्योहार से पहले उन्हें आर्थिक राहत मिलेगी।


क्या है योजना का उद्देश्य?
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की शुरुआत दिसंबर 2019 में की गई थी। इसका मुख्य उद्देश्य छोटे और सीमांत किसानों को सीधी आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना है, ताकि वे कृषि कार्यों में बिना आर्थिक दबाव के निवेश कर सकें।

इस योजना के तहत पात्र किसानों को साल में 6,000 रुपए की राशि दी जाती है, जो 2,000 रुपए की तीन किस्तों में सीधे बैंक खाते में भेजी जाती है। इस योजना का सबसे बड़ा लाभ यह है कि राशि सीधे खाते में ट्रांसफर होती है, जिससे किसी भी बिचौलिए की भूमिका समाप्त हो जाती है। अब तक देशभर में 20 किस्तें जारी की जा चुकी हैं, और 21वीं किस्त जल्द जारी होने की तैयारी पूरी कर ली गई है। देशभर के लगभग 12 करोड़ किसान इस योजना से लाभान्वित हो रहे हैं।