सदर थाना क्षेत्र में श्रद्धालुओं को कार ने मारी टक्कर, तीन की मौत, दो गंभीर घायल
बीकानेर, दैनिक खबरां । बीकानेर संभाग में एक दर्दनाक सड़क हादसा होने की जानकारी सामने आई है। जंहा सालासर धाम की पदयात्रा पर निकले श्रद्धालुओं के समूह को एक तेज रफ्तार वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में तीन श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना चूरू के सदर थाना क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग 52 पर रविवार सुबह की है।
सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को निजी वाहन से राजकीय भरतिया अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने दोनों की हालत नाजुक होने पर प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया। वहीं तीनों मृतकों के शवों को भरतिया अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। पुलिस के अनुसार, लंबोर छीपीयान गांव से 12 लोगों का समूह शनिवार सुबह पदयात्रा करते हुए सालासर धाम के लिए रवाना हुआ था। रविवार सुबह जब वे राष्ट्रीय राजमार्ग 52 से गुजर रहे थे, तभी तेज गति से आ रहे वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
सदर थाना के एएसआई गिरधारीलाल सैनी ने बताया कि मृतकों की पहचान हरियाणा के न्योली कला निवासी प्रीतम सिंह राजपूत (34), सुरेन्द्र जाट (32) और हिसार जिले के हांसी निवासी मनजीत जाट (30) के रूप में हुई है। जबकि चूरू जिले के लंबोर छीपीयान निवासी प्रशांत (19) और रतनपुरा निवासी विकास (36) गंभीर रूप से घायल हैं।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और वाहन चालक की तलाश की जा रही है।

