तालिबान का नया फरमान! अचानक बंद हुआ पुरे देश में मोबाइल-इंटरनेट, वजह चौंकाने वाली
दैनिक खबरां ग्लोबल नेटवर्क,काबुल। अफगानिस्तान में सोमवार (29 सितंबर) से इंटरनेट और मोबाइल सेवाएं पूरी तरह ठप कर दी गई हैं। तालिबान सरकार के आदेश के बाद यह बड़ा कदम उठाया गया। काबुल, उरुजगान, मजार-ए-शरीफ और हेरात समेत कई शहरों में फाइबर-ऑप्टिक इंटरनेट सर्विस बंद कर दी गई। हालांकि कुछ समय तक मोबाइल इंटरनेट काम करता रहा, लेकिन सिग्नल टावर बंद होने से यह भी ठप हो गया।
बीबीसी की रिपोर्ट के अनुसार, मोबाइल नेटवर्क के साथ-साथ सैटेलाइट टीवी सेवाएं भी प्रभावित हुई हैं। तालिबान ने ऐलान किया है कि अगले आदेश तक इंटरनेट और मोबाइल नेटवर्क बंद रहेंगे। लोकल मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, काबुल एयरपोर्ट से उड़ान भरने वाली कई अंतरराष्ट्रीय फ्लाइट्स भी प्रभावित हुई हैं और कुछ को रद्द करना पड़ा है।
पूरे देश में लागू ब्लैकआउट
इससे पहले कंधार, बल्ख, उरुजगान और निमरोज में फाइबर-ऑप्टिक नेटवर्क बंद किया गया था, लेकिन अब पूरे देश में इंटरनेट और मोबाइल नेटवर्क पूरी तरह बंद कर दिया गया है। इसके चलते अफगानिस्तान से इंटरनेशनल कॉल करना भी संभव नहीं रह गया है। स्थानीय लोग न तो व्यवसायिक गतिविधियों के लिए संपर्क कर पा रहे हैं और न ही परिजनों से जुड़ पा रहे हैं।
इंटरनेट बंद करने की वजह
तालिबान सरकार ने इंटरनेट बंद करने के फैसले की कोई आधिकारिक वजह नहीं बताई है, लेकिन माना जा रहा है कि यह कदम “अनैतिक गतिविधियों” पर रोक लगाने के नाम पर उठाया गया है। पहले से ही तालिबान सरकार ने महिलाओं पर कई कठोर पाबंदियां लगा रखी हैं—लड़कियों के स्कूल और यूनिवर्सिटी जाने पर रोक है। अब इंटरनेट बंद होने से ऑनलाइन शिक्षा भी पूरी तरह ठप हो जाएगी। इसके अलावा स्थानीय कारोबार और संचार व्यवस्था पर भी गंभीर असर पड़ने की आशंका है।

