बीकानेर वंदेभारत अब चलेगी सफेद रंग में, बुकिंग शुरू,जानें किराया और टाइमिंग
दैनिक खबरां,बीकानेर। बीकानेर से दिल्ली कैंट तक चलने वाली वंदेभारत एक्सप्रेस की बुकिंग बुधवार सुबह से शुरू हो गई है। यात्री IRCTC के माध्यम से टिकट बुक कर सकते हैं। रेलवे ने किराया सूची भी जारी कर दी है।
सामान्य चेयर कार में बीकानेर से दिल्ली कैंट तक यात्रा करने के लिए 1125 रुपए किराया तय किया गया है, जबकि एक्जीक्यूटिव चेयर कार का किराया 2140 रुपए होगा। इस ट्रेन का वर्चुअल शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार को बांसवाड़ा से करेंगे। बीकानेर रेलवे स्टेशन पर भी इस अवसर पर कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
ट्रेन का नियमित संचालन 28 सितंबर से शुरू होगा। यह ट्रेन बीकानेर से रोजाना सुबह 5:40 बजे रवाना होकर दोपहर 11:55 बजे दिल्ली कैंट पहुंचेगी। वापसी में दिल्ली कैंट से शाम 4:45 बजे चलकर रात 11:05 बजे बीकानेर पहुंचेगी।
बीकानेर-दिल्ली कैंट वंदेभारत में सामान्य चेयर कार की 400 सीटें और एक्जीक्यूटिव चेयर कार की केवल 40 सीटें उपलब्ध होंगी। फिलहाल बीकानेर से दिल्ली जाने के लिए रात 10:20 बजे दिल्ली-बीकानेर एक्सप्रेस संचालित हो रही है, जिसमें स्लीपर का किराया 310 रुपए, थर्ड एसी 800 रुपए, सेकंड एसी 1110 रुपए और फर्स्ट एसी 1850 रुपए है।
वंदेभारत का एक्जीक्यूटिव किराया फर्स्ट एसी से भी अधिक है। इसका कारण यह ट्रेन का प्रीमियम श्रेणी में होना है, साथ ही यात्रा के दौरान चाय-नाश्ता जैसी सुविधाएं भी दी जाएंगी। खास बात यह है कि बीकानेर से चलने वाली वंदेभारत अब केसरिया नहीं बल्कि सफेद रंग की होगी। रेलवे ने केसरिया रैक को जोधपुर भेज दिया है और बीकानेर के लिए सफेद रैक उपलब्ध कराया गया है।

