आधी रात जयपुर के आसमान में दिखे रहस्यमयी आग के गोले, उल्कापिंड की आशंका

जयपुर राजस्थान

आधी रात जयपुर के आसमान में दिखे रहस्यमयी आग के गोले, उल्कापिंड की आशंका

जयपुर। शुक्रवार आधी रात राजधानी जयपुर का आसमान अचानक चमकदार रोशनी से जगमगा उठा। कई इलाकों में लोगों ने आग के गोले जैसी आकृतियां तेजी से नीचे आते हुए देखीं। करीब एक मिनट तक चला यह नजारा देखकर लोग हैरान रह गए।यह दृश्य बीती रात 1:21 बजे शहर के मालवीय नगर, निर्माण नगर, विद्युत नगर, देवी नगर, नंदपुरी और परकोटा सहित कई हिस्सों से देखा गया। जयपुर जिले के कोटपूतली और आसपास के कस्बों से भी ऐसी रोशनी दिखाई देने की पुष्टि हुई।

प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि ये आग के गोले लगभग 200 मीटर की ऊंचाई तक स्पष्ट नजर आए और बहुत तेज रफ्तार से नीचे आते दिखे। कुछ लोगों ने इसे मोबाइल में कैद किया और सोशल मीडिया पर साझा किया, जहां इसे रहस्यमयी रोशनी और उल्कापिंड—दोनों तरह से बताया जा रहा है।

खगोल विज्ञान से जुड़े विशेषज्ञों का अनुमान है कि यह घटना उल्कापिंड से जुड़ी हो सकती है। राजस्थान में पिछले दो दशकों में कई बार उल्कापिंड गिरने की घटनाएं दर्ज हो चुकी हैं, जिससे इस संभावना को बल मिलता है। हालांकि, अभी तक किसी आधिकारिक एजेंसी ने इसकी पुष्टि नहीं की है और यह भी साफ नहीं है कि ये गोले जमीन तक पहुंचे या वायुमंडल में ही नष्ट हो गए। अचानक हुई इस खगोलीय घटना ने जयपुरवासियों को चौंका दिया है। अब सबकी नजर विशेषज्ञों की रिपोर्ट पर टिकी है, जो इसकी असली वजह बताएगी।