पूर्व सरपंच हत्या मामले में अपडेट: एफआईआर दर्ज,आरोपी भतीजा अब भी फरार, पुलिस टीमें जुटी तलाश में..

पुलिस कार्रवाई बीकानेर बीकानेर पुलिस श्रीडूंगरगढ़

पूर्व सरपंच हत्या मामले में अपडेट एफआईआर दर्ज,आरोपी भतीजा अब भी फरार, पुलिस टीमें जुटी तलाश में..

श्रीडूंगरगढ़, दैनिक खबरां । धीरदेसर चोटियान गांव में गुरुवार देर रात हुए एक दिल दहला देने वाले घटनाक्रम ने पूरे इलाके को सकते में डाल दिया। यहां गांव के पूर्व सरपंच मेघराज चोटिया (70) की कुल्हाड़ी से नृशंस हत्या कर दी गई। वारदात के बाद से उनका भतीजा बलबीर लापता है और पुलिस को उसी पर शक है।

जानकारी के अनुसार मेघराज और बलबीर के बीच दुकान के स्वामित्व को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। गुरुवार रात इसी विवाद को लेकर दोनों के बीच झगड़ा हुआ और इसी दौरान बलबीर ने कथित तौर पर कुल्हाड़ी से हमला कर मेघराज की जान ले ली।

वारदात के समय घर पर मौजूद मेघराज की पत्नी रामी देवी सो रही थीं। शुक्रवार सुबह उन्होंने पति को खून से लथपथ हालत में देखा तो परिजनों और ग्रामीणों को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मेघराज वर्ष 2005 से 2010 तक गांव के सरपंच रहे थे। तभी से परिवार में दुकान को लेकर तनाव बना हुआ था। कुछ समय पहले पंचायत स्तर पर समझौता भी हुआ था, लेकिन बलबीर उस फैसले से नाराज़ था और इसी कारण उसने वारदात को अंजाम दिया।

एफआईआर दर्ज, तलाश जारी
घटना के बाद से आरोपी बलबीर फरार है। पुलिस ने शुक्रवार को मृतक के परिजनों के बयान दर्ज कर हत्या का मामला दर्ज किया। सीओ निकेत पारीक ने बताया कि शुरुआती जांच में आरोपी भतीजे पर ही संदेह गहरा है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।

गांव में दहशत और आक्रोश
हत्या की खबर फैलते ही गांव में दहशत और सनसनी का माहौल हो गया। शुक्रवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण मृतक के घर पहुंचे और आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।