रॉयल्टी नाकेदारों के साथ मारपीट कर नकदी व मोबाइल छीन ले जाने का आरोप

बीकानेर बीकानेर पुलिस


बीकानेर। रॉयल्टी नाकेदारों के साथ मारपीट कर नकदी व मोबाइल छीनकर ले जाने का मामला कोलायत पुलिस थाने में दर्ज हुआ है। यह मामला जोधपुर जिले के ओसियां थाना क्षेत्र निवासी राजूसिंह ने अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ दर्ज करवाया है। परिवादी ने बताया कि घटना एनएच 11 रॉयल्टी नाका थार प्लांट मढ की है। परिवादी ने रिपोर्ट में बताया कि वह कोलायत में समस्त रॉयल्टी नाकों का इंचार्ज है। रॉयल्टी नाका थार प्लांट पर लालसिंह व रणवीर सिंह को नाकेदार नियुक्त कर रखा है, जो रॉयल्टी वसूलने का कार्य करते है। 26 जनवरी की रात को आठ बजे नाके पर पूरे दिन की रॉयल्टी का हिसाब जोड़ रहे थे, इतने में चार व्यक्ति मुंह बांधे हुए हाथों में लाठियां व सरिये लेकर नाके पर आये और नाके के कमरे में घुसकर नाकेदार लालसिंह व रणवीर सिंह को थाप-मुक्कों व लाठियों-सरियों से मारपीट करनी शुरू कर दी। इस दौरान रॉयल्टी एक लाख बीस हजार रुपए व लालसिंह का मोबाइल छीनकर ले गये। आरोप है कि आरोपियों ने जाते समय नाकेदारों को कार्रवाई करने पर मारने की धमकी दी। पुलिस ने परिवादी की रिपोर्ट पर अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।