फेसबुक पर फोटो-कमेंट पर 3 दिन से पथराव-फायरिंग और बवाल, छर्रे लगने से दो लोग घायल; उपद्रवी खेतों में छुपे, पुलिस ने घरों से खींचकर निकाला, 11 गिरफ्तार

जयपुर राजस्थान राज्य

फेसबुक पर फोटो-कमेंट पर 3 दिन से पथराव-फायरिंग और बवाल, छर्रे लगने से दो लोग घायल; उपद्रवी खेतों में छुपे, पुलिस ने घरों से खींचकर निकाला, 11 गिरफ्तार

भरतपुर। फेसबुक पर पड़ोसी के परिवार की फोटो लगाकर गालियां लिखने को लेकर डीग के नगला कुलवाना गांव में 3 दिन से उपद्रव की स्थिति है। शुक्रवार को दोपहर 3 बजे बाद फिर पथराव और फायरिंग हो गई जिसमें एक महिला समेत दो लोगों को छर्रे लग गए। फायरिंग की सूचना पहुंची पुलिस अब तक सर्च अभियान में 11 लोगों को हिरासत में ले चुकी है।

कामां थाना इंचार्ज मनीष शर्मा के अनुसार- 4 मार्च सोमवार को नगला कुलवाना गांव के निवासी सुब्बा मेव के घर में शादी थी। इस दौरान उसके पड़ोसी तैयब के बेटे नूरू ने फेसबुक पर सुब्बा मेव के परिवार की फोटो डालते हुए गालियां लिख दीं। इसे लेकर 6 मार्च को दोनों पक्षों में कहासुनी,मारपीट और पथराव हो गया। दोनों पक्षों की ओर से कामां थाने में एक दूसरे के खिलाफ पथराव और फायरिंग का मामला दर्ज कराया गया।

फेसबुक पोस्ट डालने वाले से फिर हुई कहासुनी

शुक्रवार दोपहर को सुब्बा मेव के परिवार के मुकीम, वाजिब खेतों से सरसों के गट्‌ठर ला रहे थे। रास्ते में उन्हें नूरू मिल गया जिसने फेसबुक पोस्ट डाली थी। मुकीन और वाजिब की नूरू से कहासुनी हो गई। इससे बौखलाया नूरू घर गया और परिजनों को घटना के बारे में बताया।

इसके बाद दोपहर 3 बजे के करीब दोनों पक्ष आमने-सामने हो गए। एक दूसरे पर जमकर पथराव किया गया। पूरे गांव की गलियों में रोड पर पत्थर पड़े मिले। दोनों पक्षों की ओर से एक दूसरे पर कई राउंड फायरिंग भी की गई। फायरिंग में तैयब पक्ष के वरसीना और फखरू छर्रे लगने से घायल हो गए।

एडिशनल एसपी पिस्टल लेकर सर्च अभियान में जुटे

फायरिंग की सूचना पर सीओ देशराज कुलदीप, एडिशनल एसपी सतीश यादव और कामां एसएचओ मनीष शर्मा जाप्ते के साथ नगला कुलवाना गांव पहुंचे। इस दौरान उपद्रवी भागकर घरों और खेतों में छुप गए। एडिशनल एसपी सतीश यादव खुद पिस्टल थामे सर्च अभियान में जुटे। आरोपियों को घरों और खेतों से ढूंढ-ढूंढकर हिरासत में लिया गया। दो महिलाओं समेत 11 लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया और कामां थाने पहुंची। मौके से अवैध हथियार भी बरामद किए गए हैं। शाम तक सर्च ऑपरेशन जारी रहा, खेतों और मकान में सर्च अभियान शाम 6.30 बजे भी जारी रहा।

कुल कितने राउंड फायरिंग हुई, इसे लेकर पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। सावधानी के तौर गांव में पुलिस बल तैनात किया गया है। दोनों पक्ष खेती किसानी और मजूदरी का काम करते हैं।