अगर दोनों सेमीफाइनल मैच बारिश के कारण धुल गए तो क्या होगा? जानें आईसीसी के नियम

देश

अगर दोनों सेमीफाइनल मैच बारिश के कारण धुल गए तो क्या होगा? जानें आईसीसी के नियम

दैनिक खबरां नेटवर्क। ऑस्ट्रेलिया में टी20 वर्ल्ड कप अब अपने अंतिम चरण में है। पहले दौर के बाद सुपर-12 के सारे मुकाबले हो चुके हैं। अब दो सेमीफाइनल और फाइनल सहित कुल तीन मैच टूर्नामेंट में बाकी हैं। 16 टीमों में भारत, पाकिस्तान, न्यूजीलैंड और इंग्लैंड की टीम अंतिम-4 में जगह बनाने में सफल रही हैं। नौ नवंबर (बुधवार) को पहला सेमीफाइनल न्यूजीलैंड और पाकिस्तान के बीच खेला जाएगा। उसके बाद 10 नवंबर (गुरुवार) को दूसरे सेमीफाइनल में भारत और इंग्लैंड की टीमें आमने-सामने होंगी।

इस टूर्नामेंट में कुल सात मैचों पर बारिश का असर देखने को मिला। इनमें से चार मुकाबले रद्द हो गए। अब प्रशंसकों को इस बात की चिंता है कि कहीं सेमीफाइनल और फाइनल में बारिश न खलल डाल दे। अगर बाकी बचे तीन मैचों में बारिश आती है तो क्या होगा? दरअसल, आईसीसी ने सेमीफाइनल और फाइनल मैच के लिए रिजर्व डे रखा है। अगर पहले दिन मैच पूरा नहीं हो पाता है तो अगले दिन मुकाबला वहीं से शुरू होगा।

सेमीफाइनल के दिन मैच पूरा नहीं होता है तो जिस ओवर में खेल रुकेगा, अगले दिन वहीं से शुरू होगा। यदि किसी टीम ने पहले 11 ओवर में दो विकेट पर 80 रन बनाए और बारिश के कारण मैच उस दिन नहीं हो पाया तो वही टीम अगले दिन उसी स्कोर से आगे खेलना शुरू करेगी। अगर दूसरे दिन भी बारिश हुआ और मैच पूरा नहीं हुआ तो सुपर-12 में शीर्ष पर रहने वाली टीम फाइनल में पहुंच जाएगी। इसका फायदा पहले सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड और दूसरे में भारत को होगा। इस तरह फाइनल में भारत और न्यूजीलैंड की भिड़ंत होगी। न्यूजीलैंड ग्रुप-1 में सात और भारत ग्रुप-2 में आठ अंकों के साथ शीर्ष पर रहा था।

नियम के अनुसार, बारिश आने के बाद कम से कम पांच-पांच ओवर का मैच नतीजे के लिए जरूरी है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, नॉकआउट मैचों में यह 10-10 ओवर कर दिया गया है। फाइनल मुकाबला रविवार (13 नवंबर) को होना है। उस मैच में अगर बारिश के कारण फैसला नहीं हो पाया तो दोनों टीमों को संयुक्त विजेता घोषित किया जाएगा। टी20 वर्ल्ड कप और वनडे वर्ल्ड कप में अब तक कभी संयुक्त विजेता देखने को नहीं मिला है।