गोदाम का ताला तोड़कर सामान पार करने वाले दो शातिर चोर पुलिस के चढ़े हत्थे
बीकानेर। करणी औद्योगिक क्षेत्र स्थित गोदाम से ताला तोड़कर बड़ी मात्रा में तांबा व पीतल के स्क्रेप चोरी होने की घटना सामने आई है। इस सम्बंध में गोदाम मालिक बंगला नगर निवासी मोहम्मद साजिद ने पुलिस में रिपोर्ट दी है। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर दो आरोपियों को गिरफ्त में लिया है। परिवादी ने पुलिस को बताया कि 29 अगस्त को करणी औद्योगिक क्षेत्र स्थित उसके गोदाम से कोई अज्ञात व्यक्ति गोदाम का ताला तोड़कर 15 सौ 51 किलोग्राम कॉपर स्क्रेप, 14 सौ किलोग्राम एल्यूमिनियम वायर व स्क्रेप तथा 380 किलो पीतल स्क्रेप गाड़ी में भर कर चोरी कर ले गये है। जिस पर प्रकरण दर्ज कर आरोपियों को तलाश शुरू की गई।
टीम ने वारदात के बाद से संदिग्ध मुल्जिमों एवं वारदात कर सकने वाले सम्भावित आरोपियों पर लगातार निगरानी रखकर कर अज्ञात आरोपियों के बारे में जानकारी जुटाई।इस मामले में अब दो युवकों विनोद गिरी गोस्वामी व गोविन्द गिरी को गिरफ्तार किया है। इनसे अब पूछताछ की जा रही है। चोरी हुआ सामान भी बरामद किया जा रहा है।
पुलिस को आशंका है कि इस वारदात में कुछ और युवक शामिल है। चोरी का सामान जिसे बेचा गया है, उसका भी पता लगाया जा रहा है। इस वारदात को खोलने में साइबर सेल के हेड कांस्टेबल दिलीप सिंह की खास भूमिका रही। इसके अलावा बीछवाल थानाधिकारी महेंद्र दत्त शर्मा, हेड कांस्टेबल किशनसिंह, रामनिवास, पुष्पेन्द्रसिंह, राजाराम भी इस टीम के सदस्य रहे।

