बीकानेर। प्रदेश में बीते डेढ़ सप्ताह से चल रहा बारिश का दौर गुरुवार को पूरी तरह से थमता नजर आया। इसी के साथ पारा बढ़ा और गर्मी ने एक बार फिर बीकानेर सहित पूरे राजस्थानवासियों को बेहाल कर दिया। मौसम विशेषज्ञों की मानें तो अगले 3 दिन तक इसी तरह गर्मी सताएगी। 27 जून के आस-पास मानसून के एक्टिव होने की संभावनाएं दिख रही हैं।
जयपुर मौसम केन्द्र से मिली रिपोर्ट के मुताबिक, अगले चार दिनों तक उत्तर और पश्चिम राजस्थान के बीकानेर, गंगानगर, हनुमानगढ़, जैसलमेर, बाड़मेर, नागौर, जोधपुर और जालोर जिलों के तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है। यहां पश्चिमी हवाओं का असर भी रह सकता है। 27-28 जून से कोटा, बारां, झालावाड़, उदयपुर, डूंगरपुर, बांसवाड़ा एरिया में कहीं-कहीं छुटपुट स्थानों पर बादल गरजने साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। अनुमान है कि मानसून 27 जून के बाद राजस्थान में एक्टिव हो सकता है। आमतौर पर राजस्थान में मानसून 26 जून के आस-पास प्रवेश करता है।
जयपुर, अजमेर, भरतपुर, बीकानेर संभाग के जिलों में आज मौसम शुष्क रहा। राजधानी में उमस ने परेशान किया। तापमान भी बुधवार के मुकाबले 1.5 डिग्री बढ़कर 37.6 डिग्री सेल्सियस पर दर्ज हुआ। जयपुर के अलावा अजमेर, भीलवाड़ा, पिलानी, सीकर, बाड़मेर, जोधपुर, बीकानेर, चूरू, गंगानगर, धौलपुर, बारां और सवाई माधोपुर जिलों के तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हुई।

