फोटोग्राफी के लिए बुलाकर कैमरा लूटने वाला गिरफ्तार: चित्तौड़गढ़ के युवक को श्रीगंगानगर बुलाया और चुरा लिए कैमरे
चित्तौड़गढ़। चित्तौड़गढ़ निवासी एक युवक को फोटोग्राफी के लिए श्रीगंगानगर बुलाकर उसके कैमरे लूट लेने वाले पंजाब के युवक को शनिवार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। युवक की मोबाइल पर लगातार एक्टिविटी से वह पकड़ में आया। आरोपी ने पीड़ित को झांसे में लेकर उसका दो लाख तीस हजार रुपए का कैमरा और अन्य सामान लूट लिया था। पुलिस ने आरोपी को पंजाब में कई स्थानों पर दबिश देकर पकड़ा।
यह था मामला
पंजाब के फाजिल्का जिले के ढाणी कड़का सिंह निवासी साजन सिंह उर्फ हरमन रॉय (26) पुत्र हरमीत सिंह ने वारदात को अंजाम दिया था। उसने पिछले माह 19 अक्टूबर को चित्तौड़गढ़ के कपासन निवासी नारायणलाल रैगर को विवाह समारोह में फोटोग्राफी के लिए श्रीगंगानगर बुलाया था। उसने नारायणलाल को श्रीगंगानगर में बस स्टैंड के पास स्थित होटल कृष्ण मुरारी में ठहराया। उसे पूरा दिन इधर-उधर घुमाया। बाद में शहर के एक मॉल में फिल्म दिखाने के लिए ले गया। फिल्म देखने के दौरान आरोपी पीड़ित को कुछ देर में आने का कहकर निकल गया। वहां से वह होटल पहुंचा। जहां उसने खुद ही कमरा बुक करवाया था। कमरा खोला और वहां रखे करीब दो लाख तीस हजार रुपए के कैमरे और अन्य सामान चुरा ले गया।
सिनेमा हॉल में बैठे पीड़ित को जब शक हुआ तो उसने आरोपी को फोन किया, लेकिन हरमन का फोन बंद आ रहा था। इस पर उसका शक पुख्ता हो गया। वह होटल पहुंचा तो पता लगा कि जिस व्यक्ति ने कमरा बुक करवाया था। वही यहां से सामान लेकर निकल गया है। इस पर पीड़ित ने मामला दर्ज करवाया। पुलिस को आरोपी के पंजाब का होने की जानकारी मिली तो उन्होंने वहां उसके छिपने के संभावित ठिकानों पर दबिश दी। उसके फोन की लोकेशन तलाशी। उसकी एक्टिविटी पर नजर रखने हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।

