10 साल की बच्ची से छेड़छाड़ : नकाबपोश बदमाश घर में घुसकर उठा ले गया, शोर मचाकर भागकर बचाई आबरू, हुई चोटिल
करौली, @dainikkhabraan। जिले के टोडाभीम थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात नकाबपोश बदमाश घर में घुसकर 10 साल की बच्ची का अपहरण कर छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। शोर मचाकर पीड़ित बच्ची ने अपने आपको बदमाश से बचाया। गुस्साएं परिजनों ने शनिवार दोपहर थाने में प्रकरण दर्ज कराया है।
थानाधिकारी राम खिलाड़ी मीणा ने बताया कि टोडाभीम थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी 10 साल की बच्ची के परिजनों ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट में बताया कि रात करीब 10 बजे एक नकाबपोश व्यक्ति घर में घुसा और उसकी 10 साल की बेटी को उठाकर सामने वाले घर में ले गया। जहां उसने बच्ची का गला दबाकर उसके साथ छेड़छाड़ की।
आरोपी से बचने के लिए बच्ची चीखी-चिल्लाई और घर की छत पर चढ़ गई। पकड़े जाने के डर से बदमाश वहां से फरार हो गया। इस दौरान बालिका के शरीर पर कई स्थानों पर चोट के निशान आए हैं। जैसे-तैसे घर पहुंची बच्ची ने परिजनों को आपबीती सुनाई। इसके बाद परिजनों ने शनिवार दोपहर टोडाभीम थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस मामला दर्ज कर जांच में जुटी है।

