चाची ने अपने बच्चों के लिए 7 साल के 2 जुड़वां बच्चों की हत्या की….

पुलिस कार्रवाई राजस्थान राज्य

राजसमंद जिले के खमनोर थाना क्षेत्र में 7 साल के जुड़वा भाइयों की हत्या का पुलिस ने खुलासा किया है।

राजसमन्द, @dainikkhabraan राजसमंद जिले के खमनोर थाना क्षेत्र में 7 साल के जुड़वा भाइयों की हत्या का पुलिस ने खुलासा किया है। वारदात के 48 घंटे बाद पुलिस ने बच्चों की चाची को गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि महिला ने पारिवारिक विवाद और खुद के बच्चों को संपत्ति दिलाने के लालच में 2 मासूमों को मौत के घाट उतार दिया।

राजसमंद एसपी सुधीर चौधरी ने बताया कि बच्चों की चाची अंचनी देवी (37) पत्नी हीर सिंह पर शक हुआ। सख्ती से पूछताछ की गई तो अंचनी ने सच उगल दिया। बकौल एसपी, जेठानी चांदनी बाई ने अंचनी के एक बेटे को गोद लिया था।

शादी के सात साल बाद जेठानी का खुद का बच्चा हुआ तो उसने उसके बच्चे को वापस लौटा दिया। इसके बाद जेठानी से आए दिन झगड़ा होता था। अपने बच्चे को पूरी संपत्ति का हकदार बनाने के लिए जेठानी के जुड़वा बच्चों को मौत के घाट उतारने की प्लानिंग की। गुरुवार को बच्चे घर के बाहर खेल रहे थे। उन्हें कुएं में कुछ दिखाने के बहाने अपने साथ ले गई और धक्का दे दिया।

इन्हीं दोनों भाइयों को कुएं में धक्का देकर मारने का आरोप चाची पर लगा है।
इन्हीं दोनों भाइयों को कुएं में धक्का देकर मारने का आरोप चाची पर लगा है।

कुएं में मिला था शव
राजसमंद एसपी सुधीर चौधरी ने बताया कि ग्राम पंचायत सांयो का खेड़ा के वागा की वेर निवासी बालू सिंह के दो जुड़वां बेटे तंवर सिंह और भूपेंद्र सिंह गुरुवार दोपहर लापता हो गए थे। मां चांदनी बाई ने खमनोर थाने में अपहरण का मामला दर्ज करवाया। पुलिस ने डॉग स्क्वाॅयड की सहायता से बच्चों की तलाश शुरू की। शनिवार दोपहर घर से एक किलोमीटर दूर कुएं में शव तैरते हुए मिले।

परिजनों ने शव लेने से किया था इनकार
बच्चों के शव मिलने पर परिजनों ने हत्या का मामला दर्ज कराया। आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने तक शव लेने से परिवार वालों ने इनकार कर दिया। रविवार सुबह ग्रामीण थाना खमनोर के सामने धरने पर बैठ गए। इस दौरान कई जनप्रतिनिधि भी पहुंचे।

विधानसभा अध्यक्ष और विधायक डॉ. सीपी जोशी ने भी फोन पर परिजनों को समझाने का प्रयास किया। परिजनों ने रविवार शाम को अंतिम संस्कार किया। डॉ. जोशी देर रात सांयो का खेडा शोक संतप्त परिवार के घर पहुंचे। परिजनों को सांत्वना देते हुए पुलिस को मामले का जल्द खुलासा करने के निर्देश दिए थे।