मुंबई की क्राइम ब्रांच ने बॉलीवुड एक्ट्रेस शिल्पा शेट्टी के पति राज कुंद्रा को सोमवार रात गिरफ्तार कर लिया है। राज कुंद्रा पर इसी साल फरवरी में पोर्नोग्राफिक कंटेंट बनाने और उसे ऐप पर पब्लिश करने के आरोप में केस दर्ज किया गया था।
मुंबई, @dainikkhabraan। फरवरी में क्राइम ब्रांच ने केस दर्ज किया था। राज कुंद्रा मुख्य आरोपी के तौर पर गिरफ्तार।
पुलिस ने कहा, उनके खिलाफ पर्याप्त सबूत
मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच ने बॉलीवुड एक्ट्रेस शिल्पा शेट्टी के पति और बिजनेसमैन राज कुंद्रा को सोमवार रात गिरफ्तार कर लिया। उन्हें अश्लील फिल्म और उन्हें ऐप पर रिलीज करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया हैं। इस मामले में उन्हें पुलिस ने मुख्य आरोपी बनाया हैं।
इसी साल फरवरी में अश्लील फिल्में (Pornographic Films) बनाने और उन्हें ऐप के जरिए रिलीज करने का केस दर्ज किया गया था।
इसी मामले में राज कुंद्रा को मुख्य आरोपी के तौर पर गिरफ्तार किया गया है। मुंबई पुलिस का कहना है कि उनके पास राज कुंद्रा के खिलाफ पर्याप्त सबूत हैं और उन्हें गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही हैं। मेडिकल जांच के बाद राज कुंद्रा को मंगलवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा।
4 लोग पहले ही हुए गिरफ्तार
मुंबई पुलिस कमिश्नर ने बताया कि क्राइम ब्रांच ने फरवरी 2021 में अश्लील फिल्में बनाने और उन्हें अलग-अलग ओटीटी प्लेटफॉर्म (OTT Platform) पर रिलीज करने का एक केस दर्ज किया गया था। इसके बाद से ही पुलिस ने कई अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी की थीं।
इस मामले में राज कुंद्रा से पहले 4 लोगों को भी गिरफ्तार किया गया हैं। इन्हीं आरोपियों के बयान और टेक्नीकल एविडेंस के आधार पर राज कुंद्रा को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस की जांच में सामने आया है कि इस मामले में राज कुंद्रा मुख्य आरोपी और मुख्य साजिशकर्ता हैं।
मुंबई क्राइम ब्रांच का कहना है कि बाकायदा एक ऐप बनाया गया था और उस पर अश्लील फिल्मों को रिलीज किया जाता था। एक Hotshot नाम की एक ऐप बनाई गई थी और इस पर फिल्मों को रिलीज किया जाता था। उसके बाद लोगों से पैसे लिए जाते थे। पुलिस के मुताबिक, इस ऐप के मालिक राज कुंद्रा हैं। हालांकि, राज कुंद्रा ने दावा किया था कि उनका इस ऐप से कोई लेना-देना नहीं था।
ऐसे होता था पूरा खेल…
पुलिस के मुताबिक, मुंबई की फिल्म इंडस्ट्री में काम की तलाश में आने वाली भोली-भाली और जरूरतमंद लड़कियों को इस काम के लिए फंसाया जाता था।
लड़कियों को बड़ी फिल्मों में काम दिलाने के बहाने उनसे जबरन अश्लील फिल्मों में काम करवाया जाता था। फिल्म बनाने के बाद उन्हें मोबाइल ऐप और ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रिलीज कर दिया जाता था और आरोपी लाखों की कमाई करते थें।
जांच में पता चला था कि मुंबई के मलाड वेस्ट में मढ गांव में एक बंगला किराए पर लिया गया था, जहां अश्लील फिल्मों को शूट किया जाता था। एपीआई लक्ष्मीकांत सालूखे ने जब बंगले पर छापा मारा था, तब भी यहां अश्लील फिल्म की शूटिंग चल रही थीं। इतना ही नहीं, ये भी सामने आया था कि आरोपी ने सिर्फ एक नहीं बल्कि कई ऐप पर इन फिल्मों को रिलीज करते थे और फिर उससे पैसे कमाते थें।
पोर्नोग्राफी और पोर्नोग्राफिक कंटेंट के मामलों को लेकर हमारा कानून काफी सख्त है। इस तरह के मामलों में आईटी एक्ट के साथ-साथ भारतीय दंड संहिता यानी आईपीसी की कई धाराएं भी आरोपी के खिलाफ लिखी जाती है। इंटरनेट का चलन और आधुनिक तकनीक के विकसित हो जाने के बाद आईटी एक्ट में संशोधन भी किया गया था। ताकि आज के समय में इस तरह के मामलों में दोषी पाए जाने वाले शख्स को कड़ी से कड़ी सजा हो।
एंटी पोर्नोग्राफी लॉ
इंटरनेट के माध्यम से अश्लीलता का व्यापार भी खूब फलफूल रहा है। ऐसे में पोर्नोग्राफी एक बड़ा कारोबार बन गई है। जिसके दायरे में ऐसे फोटो, वीडियो, टेक्स्ट, ऑडियो और सामग्री आती है, जो यौन, यौन कृत्यों और नग्नता पर आधारित हो। ऐसी सामग्री को इलेक्ट्रॉनिक ढंग से प्रकाशित करने, किसी को भेजने या किसी और के जरिए प्रकाशित करवाने या भिजवाने पर एंटी पोर्नोग्राफी लॉ लागू होता है।

