दिल्ली, @dainikkhabraan। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज कोरोना के हालात पर चर्चा के लिए सर्वदलीय बैठक करेंगे। हालांकि विपक्षी दल इस बैठक में शामिल होंगे या नहीं, यह तस्वीर अभी साफ नहीं है। विपक्षी नेता संसद में मुलाकात के बाद इस बैठक में शामिल होने पर आखिरी फैसला ले सकते हैं। जानकारी के मुताबिक बैठक शाम 6 बजे होनी हैं।
विपक्षी दल लेंगे फैसला
प्रधानमंत्री मोदी इस बैठक में कोरोना के खिलाफ सरकार की रणनीति और वैक्सीनेशन ड्राइव के बारे में विपक्षी नेताओं को जानकारी दे सकते हैं। साथ ही महामारी से लड़ने में कारगर रहने वाले सुझाव भी लिए जा सकते हैं। मानसून सत्र में आज सभी विपक्षी दलों के नेता मिलकर बैठक में शामिल होने या नहीं होने पर अंतिम फैसला लेंगे।
सत्र की शुरुआत में ही पीएम मोदी ने कहा कि यह सत्र कोरोना समेत अन्य जरूरी मुद्दों पर चर्चा का एक सार्थक मंच साबित होगा, क्योंकि जनता कई मुद्दों पर जवाब चाहती है। उन्होंने कहा कि इसके लिए सरकार भी पूरी तरह तैयार है। प्रधानमंत्री ने दोनों सदनों के नेताओं से आज मंगलवार की शाम कुछ समय निकालने का आग्रह किया था और कहा कि वह महामारी के बारे में सारी विस्तृत जानकारी उन्हें भी देना चाहते हैं।

