बीकानेर,@दैनिक खबरां।जिले के भानीपुरा थाना के गांव मालकसर में सार्वजनिक कुंड में मिले युवक के शव के मामले में पुलिस ने गुरुवार देर शाम आरोपी को गिरफ्तार किया है। मृतक आरोपी से पांच हजार रुपए मांगता था। इससे दोनों में तनातनी चल रही थी। हत्या से पहले आरोपी ने अपने दोस्त के साथ मृतक को शराब पिलाई,उसके बाद कुंड में धक्का देकर भाग गया था। पुलिस दूसरे आरोपी की तलाश कर रही है। थानाधिकारी सुभाषचन्द्र ने बताया कि मुख्य आरोपी को शुक्रवार को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा। उसके बाद हत्या के काम में ली गई बाइक व लोहे के सरिए के बारे में पूछताछ की जाएगी।
भानीपुरा थानाधिकारी सुभाषचन्द्र ने बताया कि मालकसर-लूणासर मार्ग पर गांव के सार्वजनिक कुंड में मंगलवार देर रात युवक का शव मिला था। मृतक की पहचान तोलाराम (30) पुत्र भूराराम नायक निवासी श्रीडूंगरगढ़ के रूप में हुई थी। मृतक मालकसर निवासी विकास कुमार से पांच हजार रुपए मांगता था। जिसे लेकर दोनों में तनातनी चल रही थी। मालकसर के शमशान घाट से पहले बने सार्वजनिक कुंड के पास विकास ने तोलाराम को बुलाया। वहां विकास उसके दोस्त रोशन और तोलाराम ने साथ बैठककर शराब पी। उसके बाद विकास व रोशन ने लोहे के पाइप से पीटकर तोलाराम की हत्या कर दी और कुंड में डालकर भाग गए। पुलिस ने आज शाम विकास को गांव से ही गिरफ्तार कर लिया। दूसरे आरोपी रोशन की तलाश की जा रही है।
एक सप्ताह से बुलाने का प्रयास कर रहा था
थानाधिकारी सुभाषचन्द्र ने बताया कि मुख्य आरोपी विकास तोलाराम को बीकानेर से बुलाने के लिए करीब एक सप्ताह से प्रयास कर रहा था। मगर गत 20 सितम्बर की शाम को तोलाराम बीकानेर से सीधा मालकसर आ गया। जहां उन्होंने शमशान भूमि में बैठकर शराब पार्टी की। पांच हजार रुपए की बात को लेकर आरोपियों ने हत्या कर दी। हत्या के बाद दोनों आरोपी अपने-अपने घर जाकर सो गए।

