सांवली होने का आरोप लगाकर नवविवाहिता को पति ने दिया तीन तलाक
बरेली, @dainikkhabraan। यूपी के बरेली में मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक पति ने अपनी पत्नी को महज इसलिए तलाक दे दिया क्योंकि वो सांवली थी। इतना ही नहीं बल्कि पति ने उसके मुंह पर पेशाब भी की, फिलहाल पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है और आगे की जांच कर रही है।
मामला बरेली के थाना कैंट क्षेत्र के ठिरिया निजवात खां का है। यहां रहने वाली गुलचमन का निकाह 7 मार्च 2021 को मोहम्मद आलम से हुआ था। गुलचमन के मुताबिक, निकाह में उसके पिता ने घर-गृहस्थी का हर समान दिया था। खुशी-खुशी बारात का स्वागत किया। धूमधाम से विदाई हुई, लेकिन कुछ समय बाद ही ससुराल वाले कम दहेज देने की बात कहकर परेशान करने लगे। वहीं, पति भी अक्सर उसे ताने देता था कि ‘तू काली है, तू मेरे लायक नहीं है।’
पीड़िता का आरोप है कि ससुराल वाले उस पर दबाव बनाते थे कि वो अपने घर से पैसे लेकर आये। जब वो असहमति जताती थी तो उसके साथ जानवरों जैसा व्यवहार किया जाता था। उसे खाने को भी नहीं देते थे। भूखा रखकर प्रताड़ित करते थे। जुल्म की सभी हदें तो तब पार हो गईं, जब फोर व्हीलर की डिमांड खारिज करने पर ससुरालवालों ने गुलचमन के साथ मारपीट की। पीड़िता के सीने पर पैर रखकर उसके मुंह पर पेशाब की और फिर तीन बार तलाक-तलाक कहकर घर से निकाल दिया।
वहीं, बीते शुक्रवार को पीड़िता ने एसएसपी से मदद की गुहार लगाई। वो दहेज लोभियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई चाहती है। वहीं, पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली है।

