सरकार का बड़ा फैसला: REET पेपर में जिला शिक्षा अधिकारी समेत राजस्थान के 14 सरकारी कर्मचारियों की भूमिका शक के दायरे में, सभी निलंबित…..

जयपुर नौकरी राजस्थान राज्य शिक्षा

REET पेपर में जिला शिक्षा अधिकारी समेत राजस्थान के 14 सरकारी कर्मचारियों की भूमिका शक के दायरे में, सभी निलंबित

जयपुर, @dainikkhabraan। राजस्थान में REET पेपर लीक मामले में सरकार ने एक्शन शुरू कर दिया है। सवाई माधोपुर जिला शिक्षा अधिकारी राधेश्याम मीणा सहित 14 सरकारी अधिकारियों-कर्मचारियों को निलंबित कर दिया गया है।

इनके खिलाफ FIR भी दर्ज कराई गई है। REET में इन सबकी भूमिका शक के दायरे में पाई गई।
शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह डोटासरा ने मंगलवार को बताया कि कुछ स्थानों पर परीक्षा में धांधली की शिकायतें मिली थीं।

इसको लेकर पुलिस और स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप लगातार जांच कर रहे हैं। ऐसे में फिलहाल पुलिस और एसओजी की टीम आरोपियों से पूछताछ कर उनके साथियों की तलाश में जुटी हुई है।

ये 14 सरकारी कर्मचारी हुए निलंबित

शिक्षा विभाग में 14 कर्मचारियों के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की है। इसमें सवाई माधोपुर जिला शिक्षा अधिकारी राधेश्याम मीणा, सिरोही से कनिष्ठ सहायक मनोहर, जालोर से व्याख्याता मनोहर लाल, जालोर से अध्यापक सुरेश कुमार बिश्नोई, जालोर से अध्यापक प्रकाश चौधरी, बाड़मेर से अध्यापक रमेश कुमार, नागौर से अध्यापक रामनिवास बसवाना, नागौर से अध्यापक श्रवण राम, डूंगरपुर से अध्यापक भवरलाल कड़वासरा, डूंगरपुर से शारीरिक शिक्षक हरीश चंद्र पाटीदार, राजसमंद से अध्यापक मांगी लाल दर्जी, राजसमंद से अध्यापक श्रवण कुमार, भरतपुर से अध्यापक लक्ष्मण सिंह और बूंदी से अध्यापक श्रवण कुमार शामिल हैं।

इन्हें निलंबित कर इनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है।

टीचर से लेकर पुलिस तक की मिली भगत सामने आई

राजस्थान में 26 सितंबर को 31 हजार पदों के लिए REET का आयोजन किया गया था। इस परीक्षा में 25 लाख अभ्यर्थी शामिल हुए थे। कुछ स्थानों पर शिक्षक और पुलिस के कर्मचारियों द्वारा ही पेपर लीक करने का मामला सामने आया था।

इसके बाद सरकार के खिलाफ विरोध भी शुरू हो गया था।