शादी के 4 माह बाद ही पति ने पत्नी का गल्ला रेंत कर हत्या कर फांसी पर लटकाया….

कोटा राजस्थान राज्य

शादी के 4 माह बाद ही पति ने पत्नी का गल्ला रेंत कर हत्या कर फांसी पर लटकाया….

इटावा/कोटा, @dainikkhabraan। कोटा के इटावा थाना क्षेत्र में पति ने अपनी पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी। फिर आत्महत्या बताने के लिए उसे फांसी के फंदे पर लटका दिया। आरोपी ने महिला के मायके वालों को फोन कर आत्महत्या की सूचना दी। मायके वालों ने हत्या का अंदेशा जताते हुए पुलिस में शिकायत दी। पुलिस पूछताछ में आरोपी पति ने हत्या करना कबूल कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को 12 घंटे में गिरफ्तार कर लिया।

दरअसल, मृतका पिस्ता बाई (26) को पहले पति ने छोड़ दिया था। आरोपी पति कुलदीप को भी पहली पत्नी ने छोड़ रखा था। पिस्ता बाई की चार महीने पहले जुलाई में कुलदीप से शादी हुई थी। दोनों के बीच शादी (नाता) का एग्रीमेंट हुआ था। दोनों की ये दूसरी शादी थी। आरोपी कुलदीप सेनेटरी फिटिंग का काम करता है।

मायके से जेवर लाने की करता था जिद
शादी के दौरान मायके वालों ने पिस्ता बाई को जेवर दिए थे। पिस्ता बाई अपने जेवर मायके में रखकर आई थी। जेवर मायके में रखकर आने की बात को लेकर उसका पति कुलदीप झगड़ा मारपीट करता था। मंगलवार रात को इसी बात से गुस्सा होकर कुलदीप ने अपनी पत्नी पिस्ता बाई को मौत के घाट उतार दिया।

गले में दो निशान मिले
देर रात में पिस्ता बाई की मौत की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पिस्ता बाई का शव फंदे पर लटका हुआ था। उसके गले में दो जगह रस्सी के निशान थे, जिससे पुलिस को हत्या का शक हुआ। ऐसी भी जानकारी सामने आई है कि गला घोंटने से पहले आरोपी ने पिस्ता बाई को किसी दवाई का सेवन कराया था, जिससे वो अचेत हो गई।

आत्महत्या साबित करना चाहता था आरोपी
आरोपी ने पिस्ता बाई के पिता रामचरण को रात साढ़े 12 बजे करीब फांसी की सूचना दी थी। वारदात के दौरान कुलदीप और उसकी बहन घर पर थी। कुलदीप के पिता खेत पर गए हुए थे। मां पीहर में थी। पिस्ता बाई के परिजनों का कहना था कि पिस्ता बाई ग्रेजुएट थी। वो आत्महत्या जैसा कदम नहीं उठा सकती।

पिस्ता बाई के परिजनों ने दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए पति और ससुराल वालों के खिलाफ शिकायत दी थी। वारदात स्थल से मिले सबूत और मृतका के गले में रस्सी के दो निशान मिलने और परिजनों की शिकायत के बाद पुलिस ने हत्या के एंगल से जांच कर 12 घंटे में वारदात का खुलासा किया।