वार्ड नंबर 19 में देर शाम मकान की छत से नीचे गिरने पर बुजुर्ग महिला की मौत…..
रायसिंहनगर/श्रीगंगानगर। श्रीगंगानगर के रायसिंहनगर कस्बे में रविवार शाम मकान की छत से गिरकर एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। महिला मानसिक रूप से परेशान थी। घटना कस्बे के वार्ड नंबर 19 में हुई। महिला के पति रिटायर्ड अकाउंटेंट है। रविवार शाम महिला किसी काम से घर के ऊपर की मंजिल पर गई थी। वह मकान के बाहर की तरफ बने छज्जे पर जाकर खड़ी हुई। इसी दौरान अचानक उसका बैलेंस बिगड़ा और सड़क पर आ गिरी।
मौके पर एकत्र हुए लोग
महिला के सड़क पर गिरने के साथ ही लोगों की भीड़ लग गई। आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। इस संबंध में सोमवार को महिला के पति राजेश अबरोल की ओर से रिपोर्ट दर्ज करवाई गई। इसमें कहा गया कि उसकी पत्नी मंजू बाला पिछले काफी समय से मानसिक रूप से परेशान थी। रविवार शाम मकान की ऊपर की मंजिल पर गई थी। इस दौरान बैलेंस बिगड़ने से वह सड़क पर आ गिरी।
सिर पर गंभीर चोट से हुई मौत
जांच अधिकारी ओमप्रकाश ने बताया कि उन्हें वार्ड 19 में महिला के छत से गिरने की सूचना मिली। महिला के परिजन उसे रविवार रात सरकारी अस्पताल लेकर आए थे। यहां डॉक्टरों के उसे मृत घोषित करने पर शव सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया गया। सुबह महिला के पति ने रिपोर्ट दी है। मौका देखने के बाद ही इस बारे में साफ तौर पर कुछ कहा जा सकेगा।

