रिमोट वाली कार की जिद ने छीनी बच्चे की जिंदगी:बड़े पापा के साथ बाइक से जा रहा था बाजार, ट्रैक्टर ने मारी टक्कर
कोटा, @दैनिक खबरां। बड़े पापा से रिमोट वाली कार दिलाने की जिद 10 साल के बच्चे ने की तो उनसे रहा न गया। बाइक पर बच्चे को बैठाया और बाजार की ओर निकल पड़े। साथ में, उसकी ताई भी थीं। रास्ते में ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी। बच्चे की मौत हो गई। उसके बड़े पापा गंभीर रूप से घायल हैं। हादसा कोटा के उद्योग नगर क्षेत्र का है।
भूमि पूजन के बाद निकले थे घर से
रायपुरा के रहने वाले महेंद्र मार्बल, टाइल्स लगाने का काम करते हैं। उन्होंने रायपुरा में ही एक प्लॉट लिया है। रविवार को वहां भूमि पूजन था। महेंद्र के बड़े भाई राकेश अपनी पत्नी के साथ आए थे। दोपहर करीब 3 बजे राकेश अपने घर जाने लगे। उसी समय महेंद्र के बेटे विवेक ने राकेश से रिमोट वाली कार दिलाने की जिद पकड़ ली।
भतीजे की डिमांड सुनकर राकेश अपने आप को रोक नहीं पाए। उसे लेकर वह पत्नी के साथ बाजार निकल पड़े। धाकड़खेड़ी, उम्मेद गंज के पास पीछे से आ रहे ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी। बाइक डिवाइडर से टकरा गई। तीनों गिर गए। विवेक के सिर में चोट लग गई।
बड़े पापा अस्पताल में
उधर, थोड़ी ही देर बाद महेंद्र को हादसे की सूचना मिली। तीनों को अस्पताल ले जाया गया। वहां से एमबीएस रेफर कर दिया गया। एमबीएस में इलाज के दौरान विवेक की मौत हो गई।
उद्योग नगर थाने के ASI केसरिया सिंह ने बताया राकेश को निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। राकेश के भी सिर पर चोट लगी है और हाथ फ्रैक्चर हुआ है। निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।

