राम रहीम को राखी भेजने का सिलसिला हुआ शुरू, डाकघर पर महिलाओं की लगी लंबी कतार
सिरसा/ बीकानेर, @dainikkhabraan। डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह इन दिनों जेल में है। और ये अगस्त का महीना उनके लिए बहुत ही खास माना जाता है। बताना लाजमी है कि अनुयायी पूरे अगस्त महीने को अवतार माह के रूप में मनाते हैं। दरअसल गुरमीत राम रहीम सिंह का 15 अगस्त को जन्मदिन होता है। बता दें कि इसी महीने 21 अगस्त को रक्षाबंधन का त्योहार भी है।
ऐसे में इन दिनों हरियाणा के जाखल के डाकघरों से डेरा प्रमुख को सुनारिया जेल के पते पर राखी और जन्मदिन की ग्रीटिंग भेजने का सिलसिला जारी है। डेरा प्रेमी कतार में लगकर राखी व ग्रीटिंग पोस्ट कर रहे हैं। डेरा प्रमुख के जेल जाने से पहले हर साल 15 अगस्त को डेरा सच्चा सौदा सिरसा में बड़े स्तर पर कार्यक्रम का आयोजन होता था। हालांकि, यौन शोषण मामले में राम रहीम के जेल जाने के बाद से पहले जैसा आयोजन अब नहीं होता।
बताना लाजमी है कि डेरा प्रेमी अरतीस कुमार इन्सां, राजेंद्र कुमार बारू, लिली कुमार इन्सां, केवल सिंह, शिवनारायण, बॉबी बिंदल, वीरेंद्र बिंदा, सोनू, रवि गुप्ता के अलावा गांव सिधानी के महेंद्र सिंह, सत्यवान, निशु, रिंकू गुर्जर, प्रेम इन्सां, धनपति, सावित्री, नीतू, सुखी, किरणपाल, छिंदर कौर इन्सां ने बताया कि ‘जब से उनके गुरु सुनारिया जेल गए हैं, तब से वह हर साल ग्रीटिंग व राखी भेजते हैं। अगस्त महीने में उनका जन्मदिन होता है, इसलिए पूरे महीने को अवतार माह के रूप में मनाते हैं।’

