रामायण में रावण का किरदार निभाने वाले अरविंद त्रिवेदी, हार्ट अटैक से निधन…

महाराष्ट्र

मुंबई/बीकानेर,@दैनिक खबरां। रामायण’ में रावण का किरदार निभाने वाले एक्टर अरविंद त्रिवेदी का मंगलवार की रात को निधन हो गया अभिनेता ने 82 साल की उम्र में अंतिम सांस ली उनके निधन से टीवी जगत में शोक की लहर दौड़ गई है बताया जा रहा है कि वे समय से उम्र संबंधी बीमारियों से जूझ रहे थे। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक अरविंद त्रिवेदी काफी समय से ठीक नहीं थे और दिल का दौरा पड़ने और कई अंगों के काम नहीं करने के बाद उनका निधन हो गया।

उनका अंतिम संस्कार बुधवार सुबह मुंबई में होगा अरविंद त्रिवेदी के मौत की खबर की पुष्टि उनके एक करीबी रिश्तेदार ने की है।

अरविंद त्रिवेदी के भतीजे कौस्तुभ त्रिवेदी ने उनके निधन के खबर की पुष्टि करते हुए कहा कि मंगलवार रात करीब 10 बजे उनका निधन हो गया है। उन्होंने बताया कि चाचाजी पिछले कुछ सालों से लगातार बीमार चल रहे थे पिछले तीन साल से उनकी तबीयत कुछ ज्यादा ही खराब रहने लगी थी।

ऐसे में उन्हें दो-तीन बार अस्पताल में भी दाखिल कराना पड़ा था। एक महीने पहले ही वो अस्पताल से एक बार फिर घर लौटे थे। मंगलवार की रात उन्हें दिल का दौरा पड़ा और उन्होंने कांदिवली स्थित अपने घर में ही दम तोड़ दिया।

इस साल मई में अरविंद त्रिवेदी के निधन की खबरें सामने आई थीं जिन पर उनके भतीजे कौस्तुभ ने इसे अफवाह बताते हुए विराम लगा दिया था। इसके अलावा रामायण में लक्ष्मण का किरदार निभाने वाले सुनील लहरी ने इन अफवाहों का खंडन करते हुए सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर की थी। सुनील लहरी ने लोगों से कहा था कि वे इस तरह के फेक न्यूज न फैलाएं।

अरविंद त्रिवेदी ने रामानंद सागर द्वारा बनाई गई रामायण में रावण का दमदार रोल निभाया था। उन्होंने इस तरह से रोल प्ले किया था कि आज तक लोगों की आंखों के सामने उनकी वही छवि बनी हुई है। बता दें कि अरविंद त्रिवेदी का जन्म आठ नवंबर 1938 में मध्यप्रदेश के इंदौर में हुआ था उनका शुरुआती करियर गुजराती रंगमंच से शुरू हुआ।

उनके भाई उपेंद्र त्रिवेदी गुजराती सिनेमा के चर्चित नाम रहे हैं और गुजराती फिल्मों में अभिनय कर चुके हैं। हिंदी के पॉपुलर शो रामायण से घर-घर पहचान बनाने वाले लंकेश यानी अरविंद त्रिवेदी ने लगभग 300 हिंदी और गुजराती फिल्मों में अभिनय किया था।