युवक की धमकी- जिससे शादी करोगी, मार दूंगा,अश्लील वीडियो भेज कहता था- भाई को भी नहीं छोड़ूंगा, परेशान होकर सुसाइड करने पहुंची
जयपुर, @dainikkhabraan। युवक को युवती की शादी की तैयारी इतनी नागवार गुजरी कि उसने उसकी आंख फोड़ दी। 7 दिन बाद ही उसकी शादी होने वाली है। जयपुर के एसएमएस अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है। आरोप है कि युवक काफी दिनों से उसे परेशान कर रहा था। उसने युवती का अश्लील वीडियो बना रखा था। परिवार को भी मार डालने की धमकी देता रहता था। यह मामला नौगांवा थाना क्षेत्र के एक गांव का है।
युवती से तो यहां तक कह दिया था कि जिससे उसकी शादी होगी, उसको वह जिंदा नहीं छोड़ेगा। न शादी मैं खुद करूंगा, न ही करने दूंगा। उसने युवती व उसके परिवार के लोगों के मोबाइल पर अश्लील वीडियो भेजे। वह कॉल कर गालियां बकता था। दो दिन पहले तो उसने घर में घुसकर युवती की आंख फोड़ दी थी। पुलिस ने आरोपी के जीजा होमगार्ड महेंद्र को रविवार सुबह हिरासत में लिया है। हमले के दौरान जीजा भी उसके साथ था।
एक साल से परिवार में आना जाना रहा था
पुलिस ने बताया कि युवती से दोस्ती के बाद वे एक-दूसरे के साथ आने-जाने लगे थे। इस बीच युवती की अलवर में ही सगाई कर दी थी। सगाई के बाद 27 नवम्बर को उसकी शादी होनी थी। इससे पहले शनिवार को युवक उसके घर आया। रात को परिवार के सामने झगड़े के दौरान युवती की आंख पर चाकू मार दिया। इस हमले में वह गंभीर घायल हो गई। डॉक्टर ने बताया कि युवती की आंख की रोशनी जाने का खतरा है। इसलिए उसे मेजर ऑपरेशन के लिए जयपुर रेफर कर दिया गया।
रेप के बाद बनाया अश्लील वीडियो
युवती की मां ने बताया कि आरोपी हरियाणा निवासी हरिओम (21) करीब एक साल पहले पलवल से आते समय बस में मिला था। इसके बाद वह उसकी बेटी से बातचीत करने लगा। एक बार किसी बहाने से अपने साथ ले गया, जहां एक होटल में उसने उसे नशीला पदार्थ पिलाकर दुष्कर्म किया। इसका वीडियो भी बना लिया, फिर बार-बार युवती को मनचाही जगह बुलाने का दबाव बनाता रहा। मना करने पर युवती के छोटे भाई को जान से मारने की धमकी देने लगा।
पीड़िता पहले कर चुकी है खुदकुशी का प्रयास
हरिओम मोबाइल पर युवती को रेप के अश्लील वीडियो भेजकर शेयर करने की धमकी देता था। बुलाने के लिए दबाव बनाने लगा। धमकियों से तंग होकर युवती ने एक बार कुएं में छलांग लगाकर खुदकुशी का प्रयास भी किया था। इसके बाद परिवार के लोगों ने पुलिस को शिकायत दी। परिजनों का कहना है कि पहली बार में नौगांवा पुलिस ने मामला दर्ज नहीं किया। इस्तगासा के जरिए 14 नवंबर को रिपोर्ट दर्ज कराई गई। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।

